दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर, भाई-बहन-भांजा समेत चार घायल 

Advertisements

दो बाइकों में आमने-सामने टक्कर, भाई-बहन-भांजा समेत चार घायल 

डीजे न्यूज, तिसरी(गिरिडीह) : तिसरी थाना क्षेत्र के थम्भाचक्क के पास सोमवार को दो बाइकों की आमने सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस घटना में भाई, बहन और भांजा सहित चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। घायलों में तिसरी के लोकाय गांव के निवासी गौतम मंडल व उनकी बहन सुनीता देवी और भांजा पियूष कुमार तथा जमुआ थाना क्षेत्र के चित्तरडीह गांव के निवासी व मुर्गा व्यवसाई भागीरथ साव शामिल हैं। इस संबंध में बताया गया कि गौतम मंडल बिरनी प्रखंड के भरकट्ठा गांव से अपनी बहन और भांजा के साथ बाइक से लोकाय स्थित अपना घर लौट रहे थे।

इधर भागीरथ साव तिसरी स्थित अपने मामा की मुर्गा दुकान से बाइक में भारी संख्या में मुर्गा लेकर खिजुरी जा रहे थे। तभी थम्भाचक्क के पास भागीरथ साव की बाइक और गौतम मंडल की बाइक के बीच में जोरदार टक्कर हो गई। इसके बाद दोनों बाइक में सवार लोग सड़क पर गिर गए। इस घटना में 12 वर्षीय पियूष कुमार का जांघ टूट गया है। वहीं गौतम मंडल का पैर टूट गया है। वहीं सुनीता देवी और भागीरथ साव के सिर व चेहरे में गंभीर रूप से चोट लगी है। इधर घटना की जानकारी मिलने पर तिसरी पुलिस घटना स्थल पहुंची। इसके बाद पुलिस जीप से सभी घायलों को तिसरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर लाया गया। जहां पर डॉक्टर पुखराज व स्वास्थ्यकर्मी चंदन कुमार,गुड्डू गुप्ता आदि द्वारा उक्त सभी घायलों का प्राथमिक इलाज किया गया। इसके बाद उक्त चारों घायलों को बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह रेफर कर दिया गया है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top