दिनचर्या में खेल शामिल नहीं है तो आप कम जीवन जीते हैं : एसएसपी
डीजे न्यूज, धनबाद : पत्रकार हो या पुलिस सभी का अपना काम है। हमलोग एक दूसरे में भी अपना काम निकालते हैं। लेकिन इन सब के बावजूद हर व्यक्ति को कोई न कोई खेल खेलते रहना चाहिए। कोई भी हो आपकी दिनचर्या में खेल शामिल नहीं है तो आप कम जीवन जीते हैं। सभी को दैनिक क्रियाकलापों में खेल को शामिल करना चाहिए। इससे डाक्टरों से दूर रहेंगे और शारीरिक व मानसिक रूप से भी स्वस्थ रहेंगे। यह बातें बुधवार को धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने कही। वे धनबाद प्रेस क्लब और 99 ग्रुप आफ कंपनिज की ओर से आयोजित दो दिवसीय मानसून खेल महोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए। उन्होंने इस खेल महोत्सव का उद्घाटन किया और कहा कि खेल महोत्सव टीम भावना और आपसी सौहार्द को उजागर करता है। इस दौरान 99 ग्रुप आफ कंपनीज के अध्यक्ष सह प्रबंध निदेशक श्याम पांडेय मौजूद थे।
मानसून खेल महोत्सव के तहत कुल चार प्रतिस्पर्धाएं हो रही हैं। इनमें बैडमिंटन, कैरम, लूडो और शतरंज शामिल हैं। इन सभी प्रतियोगिताओं में 200 से अधिक प्रिंट, इलेक्ट्रानिक और इंटरनेट मीडिया से जुड़े पत्रकार भाग ले रहे हैं। इसके अलावा फन गेम भी हो रहा है। जिसमें बैलून शूटिंग को शामिल किया गया है। उद्घाटन के दौरान पत्रकारों के साथ एसएसपी कुमार ने बैडमिंटन भी खेला। 99 ग्रुप आफ कंपनिज के सीएमडी श्याम पांडेय ने कहा कि पत्रकारों का जीवन भागदौड़ भरा होता है। ऐसे में यह आयोजन उनके मानसिक शांति में काफी मदद करेगा। उन्होंने यह भी कहा कि पत्रकारों के लिए होने वाले आयोजन में आगे भी उनका सहयोग रहेगा।
दो दिनों तक चलने वाले मानसून खेल महोत्सव के लिए 99 ग्रुप के स्पोर्ट्स कंप्लेक्स को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। यहां दो सेल्फी प्वाइंट भी बने हैं। जिसमें सभी पत्रकार अपनी सेल्फी और तस्वीरें ले सकते हैं। गुरुवार को भी मैच आयोजित होगा और दूसरी पाली में पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद थे।