अल्टीमेटम समाप्त, 21 से केंदुआ थाना मोड़ पर नाकेबंदी: राज सिन्हा
डीजे न्यूज, धनबाद:
धनबाद–बोकारो को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण केंदुआ–राजपूत बस्ती मुख्य मार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क निर्माण कार्य में कथित सुस्ती के खिलाफ अब आंदोलन निर्णायक चरण में पहुंच गया है। झारखंड विधानसभा के सचेतक सह धनबाद विधायक राज सिन्हा द्वारा बीसीसीएल प्रबंधन को पूर्व में दिए गए तीन दिन के अल्टीमेटम के बावजूद अपेक्षित गति से कार्य नहीं होने पर 21 सितंबर से केंदुआ थाना मोड़ पर नाकेबंदी एवं जोरदार लोकतांत्रिक आंदोलन का निर्णय लिया गया है।
इस आंदोलन की रणनीति एवं तैयारियों को लेकर बुधवार को केंदुआ दुर्गा मंदिर हिंदी भवन के सामने महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष रंजय सिंह एवं गौतम चौधरी ने की। बैठक में केंदुआ एवं छाताटांड के बड़ी संख्या में बाजारवासी, दुकानदार, व्यवसायी एवं आम नागरिक शामिल हुए।
बैठक में उपस्थित सभी व्यवसायियों एवं स्थानीय लोगों ने विधायक राज सिन्हा के निर्णायक आंदोलन को पूर्ण समर्थन देने तथा जनहित के इस संघर्ष में एकजुट होकर शामिल होने का निर्णय लिया।
बैठक में मुख्य रूप से चैंबर ऑफ कॉमर्स केंदुआ पुल बाजार के अध्यक्ष रंजीत मद्धेशिया, छाताटांड चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव मोनू वर्मा, भाजपा मंडल अध्यक्ष गौतम चौधरी, रंजय सिंह, सदानंद वर्णवाल, संतोष पासवान, रवि सिन्हा, शिवेंद्र सिंह सोनू, शिवनंदन पासवान, अभिमन्यु कुमार, मनीष पांडेय, नवीन वर्मा, तमाल राय, राजेश गुप्ता, श्यामल राहा, राहुल सिंह सहित केंदुआ एवं छाताटांड के अनेक दुकानदार, व्यवसायी एवं आमलोग उपस्थित थे।
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि केंदुआ–राजपूत बस्ती मुख्य मार्ग हजारों लोगों के दैनिक आवागमन का महत्वपूर्ण रास्ता है। सड़क की जर्जर स्थिति के कारण आम जनता, स्कूली बच्चों, महिलाओं, बुजुर्गों, दुकानदारों एवं वाहन चालकों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व में आंदोलन और जनदबाव के बाद सड़क पर काम शुरू तो किया गया, लेकिन काम की गति को लेकर स्थानीय लोगों में लगातार असंतोष है। यही मुद्दा उनके 12 सितंबर के अल्टीमेटम का भी केंद्र रहा था।
राज सिन्हा ने कहा कि,
“बीसीसीएल प्रबंधन यह अच्छी तरह समझ ले कि अब जनता की परेशानी के साथ कोई समझौता नहीं होगा। आश्वासन बहुत मिल चुका है, अब सड़क पर ठोस काम चाहिए। जनता धूल, गड्ढे, कीचड़ और जाम झेलती रहे और कोयला परिवहन निर्बाध चलता रहे—यह व्यवस्था अब स्वीकार नहीं की जाएगी।”
उन्होंने कहा कि “बीसीसीएल प्रबंधन को पर्याप्त समय दिया। पत्र लिखा, समस्या से अवगत कराया और तीन दिनों का स्पष्ट अल्टीमेटम दिया। लेकिन यदि निर्धारित समय में सड़क निर्माण कार्य में अपेक्षित तेजी नहीं आती है, तो अब आंदोलन को रोकने का कोई कारण नहीं है। 21 सितंबर से केंदुआ थाना मोड़ से आंदोलन का आगाज होगा एवं कोयला लदी गाड़ियों को रोक दिया जाएगा, नाकेबंदी की जाएगी।”
विधायक ने कहा कि “यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल का आंदोलन नहीं है, यह जनता के अधिकार और सम्मान की लड़ाई है।
आज केंदुआ और छाताटांड के दुकानदारों, व्यवसायियों और आम नागरिकों ने जिस एकजुटता के साथ समर्थन दिया है, उससे स्पष्ट है कि जनता अब निर्णायक संघर्ष के लिए तैयार है।”
उन्होंने कहा कि “बीसीसीएल को यह तय करना होगा कि उसे जनता की सुविधा और सुरक्षा की चिंता है या केवल कोयला परिवहन की। सड़क पर जनता परेशान रहे और कोयला ढुलाई चलती रहे, यह दोहरा रवैया अब नहीं चलेगा।”
“21 सितंबर से आंदोलन शुरू होगा। यह केवल चेतावनी नहीं, बल्कि जनता के धैर्य की सीमा समाप्त होने का संकेत है। लोकतांत्रिक तरीके से जनता की आवाज को मजबूती के साथ उठाया जाएगा और इसकी पूरी जिम्मेदारी बीसीसीएल प्रबंधन की होगी।”
विधायक राज सिन्हा ने कहा कि “केंदुआ–राजपूत बस्ती सड़क का निर्माण केवल सड़क निर्माण का विषय नहीं है, यह हजारों लोगों की सुरक्षा, रोजमर्रा के आवागमन और स्थानीय व्यापार से जुड़ा सवाल है। त्योहारों का समय सामने है। ऐसे में सड़क की बदहाल स्थिति जनता के लिए और अधिक परेशानी पैदा कर रही है। अब बीसीसीएल को जमीन पर काम करके दिखाना होगा।”
उन्होंने स्थानीय जनता एवं व्यवसायियों से अपील करते हुए कहा कि “21 सितंबर को होने वाले लोकतांत्रिक आंदोलन में शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें। हमारा उद्देश्य जनता की आवाज को मजबूती से प्रशासन और बीसीसीएल प्रबंधन तक पहुंचाना है।”
बैठक में उपस्थित व्यवसायियों एवं स्थानीय नागरिकों ने एक स्वर में कहा कि केंदुआ–राजपूत बस्ती मुख्य मार्ग की समस्या का स्थायी समाधान होना चाहिए। व्यवसायियों ने विधायक राज सिन्हा द्वारा उठाए गए मुद्दे के प्रति अपना समर्थन व्यक्त करते हुए आगामी आंदोलन में एकजुट होकर भाग लेने का निर्णय लिया।
बैठक में उपस्थित लोगों ने स्पष्ट कहा कि “सड़क बनेगी, तभी क्षेत्र का व्यापार और जनजीवन सुचारु होगा।”