डोपिंग से दूर रहें खिलाड़ी, स्वच्छ खेल संस्कृति अपनाएं : शारदा सिंह
एंटी-डोपिंग एवं आत्मरक्षा जागरूकता पर सेमिनार आयोजित, खिलाड़ियों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी
डीजे न्यूज, धनबाद: बिरसा मुंडा मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बुधवार को धनबाद डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन की ओर से जिला खेल कार्यालय, धनबाद के तत्वावधान में एंटी-डोपिंग एवं सेल्फ डिफेंस अवेयरनेस सेमिनार का आयोजन किया गया। सेमिनार में खिलाड़ियों को डोपिंग के दुष्प्रभाव, प्रतिबंधित पदार्थों के इस्तेमाल से होने वाले नुकसान, स्वच्छ प्रतिस्पर्धा तथा आत्मरक्षा के विभिन्न पहलुओं के प्रति जागरूक किया गया।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम खिलाड़ियों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं। इससे खिलाड़ियों को एंटी-डोपिंग नियमों की जानकारी मिलने के साथ खेलों में अनुशासन और स्वच्छ प्रतिस्पर्धा की भावना मजबूत होती है। उन्होंने धनबाद में किकबॉक्सिंग के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों के विकास के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिला खेल पदाधिकारी उमेश लोहरा ने भी कार्यक्रम की प्रशंसा की। उन्होंने धनबाद डिस्ट्रिक्ट किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव राज संचु राजवार एवं उनकी पूरी टीम के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि एंटी-डोपिंग और सेल्फ डिफेंस जैसे जागरूकता कार्यक्रमों को अन्य खेल संगठनों तक भी पहुंचाने की जरूरत है। उन्होंने भविष्य में जिला स्तर से आगे बड़े मंच पर व्यापक एंटी-डोपिंग एवं आत्मरक्षा जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की योजना पर भी जोर दिया।
सेमिनार में झारखंड एमेच्योर स्पोर्ट्स किकबॉक्सिंग एसोसिएशन के महासचिव एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी प्रवीण कुमार ने विशेष वर्कशॉप आयोजित की। उन्होंने खिलाड़ियों को एंटी-डोपिंग नियमों, प्रतिबंधित पदार्थों के सेवन के दुष्प्रभाव, स्वच्छ खेल भावना तथा आत्मरक्षा की तकनीकों से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी दी।
कार्यक्रम में नितेश , अशोक , डीएससी रिंकू गुप्ता, आर्चरी कोच नमिता, आशीष कुमार चौहान, संस्कार तिवारी और राज ठाकुर सहित खेल पदाधिकारी, प्रशिक्षक एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
आयोजन को सफल बनाने में तृप्ति चंद्रवंशी, आयुषी कुमारी, इस्तियाक अंसारी, हर्ष वर्धन, प्रतीक कुमार, पीयूष कुमार, राजन कुमार और रिया कुमारी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
सेमिनार का मुख्य उद्देश्य खिलाड़ियों को डोपिंग से दूर रखते हुए स्वच्छ, अनुशासित और स्वस्थ खेल संस्कृति को बढ़ावा देना तथा उन्हें जरूरत के समय आत्मरक्षा के प्रति सक्षम और जागरूक बनाना रहा।