धोवारी जंगल में मादा हाथी का शव मिलने से सनसनी
जंगल में फैली दुर्गंध से हुआ खुलासा
डीजे न्यूज, सरिया (गिरिडीह) : धोवारी जंगल में गुरुवार को एक जंगली हाथी का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना सरिया थाना क्षेत्र की है, जहां जंगल में मादा हाथी का शव पड़े होने की सूचना मिलते ही वन विभाग एवं पशु चिकित्सा विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई।
प्रथम दृष्टया यह संभावना जताई जा रही है कि जिस स्थान पर हाथी का शव मिला, वहां दोनों ओर गहरी खाईनुमा स्थिति है तथा हाथी का सूंड और सिर पलाश के पेड़ों की जड़ों के बीच फंसा हुआ था। ऐसे में आशंका व्यक्त की जा रही है कि जड़ों में उलझने अथवा फंसने के कारण हाथी की मौत हुई होगी।
ग्रामीणों ने बताया कि पावापुर-धोवारी सड़क के समीप जंगल से गुरुवार को तेज दुर्गंध आ रही थी। दुर्गंध के कारण जब लोग जंगल की ओर गए तो वहां हाथी का शव पड़ा मिला। इसके बाद पूरे इलाके में घटना चर्चा का विषय बन गई।
मौके पर पहुंचे पशु चिकित्सक डॉ अनूप कुमार ने बताया कि हाथी की मौत संभवतः चार से पांच दिन पूर्व हुई होगी। उन्होंने कहा कि शव से तेज दुर्गंध आ रही थी तथा सूंड और आंखों में सड़न की स्थिति भी दिखाई दी, जिससे अनुमान लगाया जा रहा है कि मौत कई दिन पहले हो चुकी थी।
उन्होंने बताया कि हाथी का विधिवत पोस्टमार्टम कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारण एवं समय का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। वहीं, घटना को लेकर वन विभाग के अधिकारी फिलहाल मीडिया से कुछ भी कहने से बचते नजर आए।