ढोल-नगाड़ों के बीच मां दुर्गा को दी गई विदाई, नम आंखों से भक्तों ने किया प्रतिमा विसर्जन
*देवरी के दुर्गा मंदिरों में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब, जयकारों के बीच तालाब में विसर्जित की गईं प्रतिमाएं*
डीजे न्यूज देवरी (गिरिडीह : देवरी प्रखंड के सार्वजनिक दुर्गा मंदिर देवरी, मनकडीहा, ढेंगाडीह सहित विभिन्न स्थानों पर शुक्रवार को मां जगदम्बे की प्रतिमाओं का विसर्जन भावपूर्ण माहौल में किया गया। नौ दिनों तक मां दुर्गा की आराधना करने के बाद विदाई के समय श्रद्धालुओं की आंखें नम हो गईं। ढोल-नगाड़ों और गाजे-बाजे के बीच पूजा समितियों तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा को अंतिम विदाई दी।
विसर्जन के दौरान मां दुर्गा के जयकारों से माहौल भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालु मां की प्रतिमा के अंतिम दर्शन करने के लिए उमड़ पड़े। इसके बाद विधि-विधान के साथ स्थानीय तालाब में प्रतिमाओं का विसर्जन किया गया। इस दौरान श्रद्धालुओं ने मां दुर्गा से सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के दौरान आचार्य सुदाना प्रसाद मिश्रा, पूजा समिति के अध्यक्ष मुरलीधर महतो, सुरेंद्र सिंह, सुधीर चंद्र राय, सुखदेव सिंह, राजेंद्र कुमार शर्मा, दामोदर शर्मा, मिथलेश कुमार शर्मा, विजय शर्मा और प्रकाश चौधरी सहित पूजा समिति एवं नवयुवक समिति के कई सदस्य मौजूद रहे।