धनबाद में रिटायर्ड सीआईएसएफ जवान के घर लाखों की चोरी, तीन लाख नकद समेत सात लाख के जेवर ले उड़े चोर
सीढ़ी के सहारे दूसरी मंजिल पर पहुंचे बदमाश
डीजे न्यूज, धनबाद: शहर के जेसी मल्लिक इंद्र नगर इलाके में चोरों ने एक रिटायर्ड सीआईएसएफ जवान के घर को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर सीढ़ी के सहारे बाउंड्री पार कर दूसरी मंजिल तक पहुंचे और वहां रखे तीन लाख रुपये नकद, करीब सात लाख रुपये के सोने के जेवर और अन्य कीमती सामान लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
रिटायर्ड कर्मी के घर के निचले हिस्से में बारिश के कारण पानी भर जाने से नकदी, गहनों का बक्सा और पीतल के बर्तन दूसरी मंजिल पर सुरक्षित रखे गए थे। बुधवार सुबह जब परिवार के लोग ऊपर पहुंचे तो वहां रखा सामान गायब मिला। गहनों के बक्से का ताला टूटा हुआ था और उसमें रखे तीन लाख रुपये नकद के साथ दो सोने की चेन, एक सोने का हार, चार जोड़ी झुमके, नाक का बेसर समेत अन्य कीमती आभूषण चोरी हो चुके थे।
सूचना मिलते ही धनबाद थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है ताकि चोरों की पहचान की जा सके। इस चोरी की घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत और सुरक्षा को लेकर चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जाएगा।