दीप प्रज्ज्वलन के साथ पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह में शुरू हुआ समर कैंप
बच्चों को मिला प्रेरणा और प्रतिभा निखारने का मंच
डीजे न्यूज,गिरिडीह : राज्य परियोजना निदेशक, झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद रांची के निर्देशानुसार पीएम श्री उत्क्रमित उच्च विद्यालय धनयडीह, गिरिडीह में तीन दिवसीय “समर कैंप 2026” का शुभारंभ मंगलवार को उत्साहपूर्ण माहौल में किया गया।
कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि गिरिडीह सदर एसडीपीओ जीतवाहन उरांव एवं प्रसिद्ध मोटिवेटर संस्थान गोल धनबाद सेंटर के निदेशक संजय आनंद ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप आयोजित इस समर कैंप में बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए खेलकूद, फिटनेस, पोस्टर मेकिंग, हस्तकला, पठन-पाठन, कला-संस्कृति, प्रतिभा प्रदर्शन और अनुभव साझा करने जैसी गतिविधियां कराई जा रही हैं। समर कैंप के माध्यम से बच्चों को शिक्षा के साथ रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
मुख्य अतिथि जीतवाहन उरांव ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकारी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को अपनी प्रतिभा को कभी कमजोर नहीं समझना चाहिए। उन्होंने अपने जीवन अनुभव साझा करते हुए बच्चों को आगे बढ़ने और आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।
वहीं मोटिवेटर संजय आनंद ने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर पढ़ाई करने की सलाह दी तथा एनसीईआरटी की पुस्तकों पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने कहा कि नियमित अध्ययन और सही दिशा में मेहनत सफलता की कुंजी है।
नोडल शिक्षक संजीव कुमार ने अतिथियों को सम्मानित करते हुए कहा कि विद्यालय परिवार स्वयं को गौरवान्वित महसूस कर रहा है कि सुदूर ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को प्रेरित करने के लिए समर कैंप का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बच्चों की प्रतिभा को निखारने में समाज, शिक्षक और अभिभावकों की सहभागिता बेहद जरूरी है।
कार्यक्रम का संचालन शिक्षिका शिखा कुमारी ने किया। उन्होंने बच्चों को समर कैंप की सभी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में देवभूमि झारखंड न्यूज के प्रधान संवाददाता दिलीप सिन्हा, जिला संवाददाता संजीत तिवारी, गिरिडीह इंचार्ज सुस्मिता (गुड़िया) एवं संवाददाता गौरव नारायण सिन्हा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष प्रमोद कुमार सौरभ, पूर्व अध्यक्ष महेंद्र दास, आईसीटी इंस्ट्रक्टर सुनील कुमार दास, कार्यालय सहायक अजीत कुमार राय सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।