डीएसडब्लू से मिला आजसू छात्र संघ का प्रतिनिधिमंडल
कंपार्टमेंट छात्रों के नामांकन एवं यूजी सीट वृद्धि की उठाई मांग
डीजे न्यूज, धनबाद: आजसू छात्र संघ का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय की डीएसडब्लू से मिला। संघ के नेता विक्की कुमार ने 12वीं कंपार्टमेंट परीक्षा 2026 में सफल छात्र-छात्राओं के नामांकन के लिए चांसलर पोर्टल पुनः खोलने तथा विभिन्न महाविद्यालयों में यूजी की सीटें बढ़ाने से संबंधित मांगपत्र उम्हें सौंपा।
संघ ने कहा कि कंपार्टमेंट परीक्षा में सफल कई विद्यार्थी चांसलर पोर्टल बंद होने के कारण नामांकन से वंचित हो रहे हैं। इन विद्यार्थियों ने दोबारा मेहनत कर सफलता हासिल की है। यदि उन्हें समय पर नामांकन का अवसर नहीं मिला, तो उनका एक शैक्षणिक वर्ष बर्बाद हो सकता है।
इसके साथ ही पीके रॉय कॉलेज, आर.एस. मोर कॉलेज, एस.एस.एल.एन.टी. महिला कॉलेज सहित अन्य महाविद्यालयों में घटाई गई यूजी सीटों को पुनः बढ़ाने की मांग भी प्रमुखता से रखी गई। सीटों में कमी के कारण बड़ी संख्या में विद्यार्थी नामांकन से वंचित हो रहे हैं।
ज्ञापन पर डीएसडब्लू ने छात्रहित को ध्यान में रखते हुए दोनों मांगों पर सकारात्मक आश्वासन दिया तथा विद्यार्थियों की समस्या के समाधान के लिए आवश्यक पहल करने की बात कही।
विक्की कुमार ने कहा कि कंपार्टमेंट पास करने वाले विद्यार्थियों ने कठिन परिस्थितियों में मेहनत करके सफलता हासिल की है। केवल पोर्टल बंद होने या सीटों की कमी के कारण उनका भविष्य प्रभावित होना दुर्भाग्यपूर्ण होगा। हमें उम्मीद है कि विश्वविद्यालय प्रशासन जल्द छात्रहित में सकारात्मक निर्णय लेगा।
उन्होंने कहा कि हमारी प्राथमिकता है कि किसी भी विद्यार्थी का एक वर्ष बर्बाद न हो और हर योग्य छात्र को उच्च शिक्षा का अवसर मिले।
मौके पर संघ के रौनक राज, रवि महतो, आकाश पांडे, विजय महतो आदि थे।