डीडीसी स्मृता कुमारी ने शहरी क्षेत्रों में की डोर टू डोर भ्रमण
लोगों से की अपील-निर्धारित समय में गणना प्रपत्र भरकर बीएलओ को सौंप दें सभी मतदाता
डीजे न्यूज, गिरिडीह : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) अभियान के प्रभावी एवं सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा लगातार जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव के बाद अब उप विकास आयुक्त स्मृता कुमारी ने 32-गिरिडीह विधानसभा क्षेत्र के शहरी क्षेत्रों में डोर-टू-डोर भ्रमण कर आमजनों से संवाद स्थापित किया तथा विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर-2026) की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। भ्रमण के दौरान उप विकास आयुक्त ने मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने की प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजों, प्रपत्र जमा करने की व्यवस्था तथा अभियान के उद्देश्य से अवगत कराया। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि के भीतर अपना गणना प्रपत्र भरकर संबंधित बूथ स्तरीय पदाधिकारी (BLO) को उपलब्ध कराएं, ताकि मतदाता सूची को अद्यतन, त्रुटिरहित एवं अधिक विश्वसनीय बनाया जा सके। उन्होंने बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर एवं संबंधित अधिकारियों द्वारा संचालित कार्यों का भी निरीक्षण किया तथा अभियान के प्रत्येक चरण को समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच सुनिश्चित करना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से छूटना नहीं चाहिए।
उप विकास आयुक्त ने आमजनों से आग्रह किया कि वे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग करें तथा अपने परिवार के सभी पात्र सदस्यों का गणना प्रपत्र समय पर भरवाना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता एवं अद्यतन लोकतांत्रिक प्रक्रिया की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार है और इसमें प्रत्येक नागरिक की सहभागिता आवश्यक है। जिला प्रशासन द्वारा SIR-2026 अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है तथा सभी विधानसभा क्षेत्रों में पदाधिकारियों द्वारा सतत क्षेत्र भ्रमण कर अभियान की प्रगति की समीक्षा की जा रही है, ताकि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का सफल एवं शत-प्रतिशत क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।