डीडीसी ने पूर्वी टुंडी में विकास योजनाओं का किया निरीक्षण
समय पर उपस्थित नहीं रहने वाले कर्मियों को लगाई फटकार
15 जुलाई तक निर्माणाधीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर हैंडओवर करने का निर्देश
डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी(धनबाद): डीडीसी सन्नी राज ने बुधवार को पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत विभिन्न विकास योजनाओं एवं कार्यालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने लटानी पंचायत सचिव को निर्देश दिया कि समीप के विद्यालयों के शिक्षकों एवं प्रधानाध्यापकों के सहयोग से ज्ञान केंद्र का नियमित संचालन सुनिश्चित करें। वार्ड सदस्यों को भी इससे जोड़ें। साथ ही डिजिटल साक्षरता पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने पंचायत सचिवालय में खाली पड़ी भूमि का उपयोग बागवानी एवं उपयोगी कार्यों हेतु करने का निर्देश दिया। उन्होंने पंचायत सुदृढ़ीकरण मद की राशि से पंचायत स्तर के सभी मूलभूत कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण कराने को कहा।
वहीं गर्मी के मौसम को देखते हुए आम नागरिकों के लिए पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
पूर्वी टुंडी प्रखंड कार्यालय में समय पर उपस्थित नहीं होने वाले कर्मियों को डीडीसी ने फटकार लगाई। उन्होंने कार्यालय कर्मियों को फाइलों में आवश्यक एवं स्पष्ट टिप्पणी अंकित करने का निर्देश दिया।
इसके उपरांत उप विकास आयुक्त ने डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन तालाबों का निरीक्षण किया। संवेदकों को कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया। उन्होंने लुकैया पंचायत स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट का भी निरीक्षण किया। जहां इसके कार्य प्रणाली एवं संचालन व्यवस्था पर विस्तृत चर्चा हुई। ग्रामीणों को शीघ्र पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने हेतु पीएचईडी के कनीय अभियंता को कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उप विकास आयुक्त ने 15वें वित्त आयोग मद से निर्माणाधीन आयुष्मान आरोग्य मंदिर, चेपकिया का निरीक्षण करते हुए 15 जुलाई तक भवन हैंडओवर सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। डीएमएफटी मद से निर्मित प्राथमिक विद्यालय घोसालडीह में शौचालय में पार्टिशन कर छात्र एवं छात्राओं के लिए अलग-अलग व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
इसके अतिरिक्त उन्होंने बरबाद बरकेटनी में डीएमएफटी मद से निर्माणाधीन 2.5 किलोमीटर सड़क का निरीक्षण किया। ग्रामीण कार्य विभाग के कनीय अभियंता को सड़क किनारे आवश्यक भराई कार्य कराने एवं निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण करने का निर्देश दिया।