चुनाव आयोग के खिलाफ भाकपा माले का प्रदर्शन
मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग, रणधीर वर्मा चौक पर फूंका पुतला
डीजे न्यूज, धनबाद: रणधीर वर्मा चौक पर भाकपा माले ने चुनाव आयोग और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका। प्रदर्शन में आयशा छात्र संगठन के छात्र-छात्राओं ने भी हिस्सा लिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग करते हुए चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ी की जांच कराने की मांग की।
भाकपा माले नेताओं ने आरोप लगाया कि इंडियन एक्सप्रेस में प्रकाशित रिपोर्ट के बाद देश में मतों की कथित लूट का मामला सामने आया है। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर ने देश के नागरिकों को मतदान का अधिकार दिलाया था और अब उसी अधिकार को छीने जाने की कोशिश की जा रही है।
वक्ताओं ने कहा कि इसी मुद्दे को लेकर भाकपा माले ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर भी प्रदर्शन किया था। पार्टी के मुताबिक, प्रदर्शन के दौरान पार्टी महासचिव, किसान नेता पुरुषोत्तम शर्मा, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण, बुद्धिजीवी जोगेंद्र जाधव और छात्र नेता नेहा समेत कई कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार किया गया था, जिन्हें बाद में रिहा कर दिया गया।
धनबाद में प्रदर्शन के दौरान माले नेताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे, पूरे मामले की जांच और बिहार, बंगाल समेत जिन राज्यों में विवादित प्रक्रिया से चुनाव होने का आरोप है, वहां चुनाव रद्द कर दोबारा चुनाव कराने की मांग की।
माले नेताओं ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाताओं के अधिकारों की रक्षा को लेकर उनका आंदोलन झारखंड से लेकर दिल्ली तक जारी रहेगा।