चिरकी पेट्रोल पंप के पास भीषण सड़क हादसा, बाइक सवार की इलाज के दौरान मौत
डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के चिरकी पेट्रोल पंप के समीप सोमवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान जमुआटांड़ निवासी 50 वर्षीय चेतलाल साव के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार चेतलाल साव अपनी बाइक से चिरकी की ओर से मधुबन जा रहे थे। इसी दौरान चिरकी पेट्रोल पंप के पास डुमरी की ओर से आ रही एक पिकअप वैन और उनकी बाइक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पीरटांड़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक जितेंद्र कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों के सहयोग से घायल को पीरटांड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया।
प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि इलाज के दौरान चेतलाल साव ने दम तोड़ दिया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइक और पिकअप वैन को जब्त कर थाना ले लिया है तथा मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।