छात्रों ने चुनी अपनी सरकार राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में बाल संसद का गठन
डीजे न्यूज, पलामू : राजकीयकृत मध्य विद्यालय हुसैनाबाद में शुक्रवार को बाल संसद का गठन किया गया। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यार्थियों को लोकतंत्र, नेतृत्व क्षमता और नागरिक जिम्मेदारियों के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम का संचालन भाषायी शिक्षिका सुषमा पांडेय ने किया।
सुषमा पांडेय ने कहा कि बाल संसद का उद्देश्य विद्यार्थियों को विद्यालय के विकास कार्यों में सहभागी बनाना है। इसके माध्यम से विद्यालय की साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण, पौधों की देखभाल, नियमित सिंचाई, मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की निगरानी तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण बनाए रखने में बच्चों की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित होती है। साथ ही विद्यालय की समस्याओं को उचित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान की दिशा में भी प्रयास किए जाते हैं।
शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता ने कहा कि बाल संसद बच्चों को लोकतांत्रिक व्यवस्था, अधिकार एवं कर्तव्यों की जानकारी देने का प्रभावी माध्यम है। इससे उनमें नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने की योग्यता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना विकसित होती है।
प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद ने कहा कि बाल संसद के मंत्रियों और शिक्षकों के बीच बेहतर समन्वय से विद्यालय में अनुशासन, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और सकारात्मक शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने नवगठित मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों से अपने दायित्वों का ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।
इसके बाद विद्यार्थियों की सर्वसम्मति से बाल संसद का गठन किया गया। वर्ग आठ के संतोष कुमार को प्रधानमंत्री, प्रार्थना कुमारी को उपप्रधानमंत्री, रोहन कुमार को शिक्षा मंत्री, रचना कुमारी को उपशिक्षा मंत्री तथा आकाश कुमार को स्वास्थ्य मंत्री चुना गया। इसके अलावा विभिन्न विभागों के लिए कुल 15 छात्र-छात्राओं को मंत्री बनाया गया और उन्हें उनके दायित्वों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रधानाध्यापक कन्हैया प्रसाद, शिक्षक राजेश कुमार गुप्ता, राजेश कुमार सिन्हा तथा शिक्षिकाएं आशा कुमारी, सुषमा पांडेय, पूनम कुमारी और रश्मि प्रकाश सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।