फुटबॉल मैदान में कट्टा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, दो युवक गिरफ्तार

Advertisements

फुटबॉल मैदान में कट्टा दिखाकर दी जान से मारने की धमकी, दो युवक गिरफ्तार

पुराने विवाद में युवक को डराया, झाड़ी से बरामद हुआ देशी कट्टा

डीजे न्यूज, जामताड़ा : पुराने विवाद को लेकर एक युवक को देशी कट्टा दिखाकर जान से मारने की धमकी देने के मामले में पुलिस ने दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर एक देशी कट्टा भी बरामद किया है।

जानकारी के अनुसार गुरुवार को उज्जवल पंडित (20 वर्ष), पिता हाराधन पंडित, निवासी मुड़ाबहाल, थाना बिंदापाथर ने थाना में लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में बताया गया कि बेलियापुर फुटबॉल मैदान में परितोष गोराई और रवि महतो समेत अन्य लोगों ने पुराने झगड़े को लेकर उसे जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि रवि महतो ने देशी कट्टा दिखाकर डराया-धमकाया।

मामले की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, नाला के नेतृत्व में जांच टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने रवि महतो (19 वर्ष), पिता अनिल महतो, निवासी बरदेही, थाना बिंदापाथर से पूछताछ की। पूछताछ में उसने परितोष गोराई (18 वर्ष), पिता प्रणव गोराई तथा अन्य लोगों की संलिप्तता की जानकारी दी और अपने पास देशी कट्टा होने की बात स्वीकार की।

इसके बाद रवि महतो की निशानदेही पर सालपतरा के पास सड़क किनारे झाड़ियों में छिपाकर रखा गया देशी कट्टा बरामद किया गया। पुलिस ने कट्टा जब्त कर रवि महतो को गिरफ्तार कर लिया। इस मामले में बिंदापाथर थाना कांड संख्या 30/2026 दर्ज किया गया है।

इसके बाद 19 जून को परितोष गोराई, पिता प्रणव गोराई, निवासी बरदेही, थाना बिंदापाथर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में रवि महतो (19 वर्ष), पिता अनिल महतो तथा परितोष गोराई (18 वर्ष), पिता प्रणव गोराई, दोनों निवासी बरदेही, थाना बिंदापाथर, जिला जामताड़ा शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लोहे का देशी कट्टा बरामद किया है।

छापेमारी और जांच टीम में अनुज कुमार, जितेन्द्र कुमार, कैलाश चन्द्र शाह, विनय मुर्मू और पंकज कुमार शामिल थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top