छाताबाद भू-धंसान: प्रभावितों व बीसीसीएल के बीच वार्ता संपन्न आईआईटी आईएसएम से सर्वेक्षण कराने पर बनी सहमति डेंजर जोन का सीमांकन करमे एवं रिपोर्ट एक माह के अंदर देने का निर्देश

छाताबाद भू-धंसान: प्रभावितों व बीसीसीएल के बीच वार्ता संपन्न

आईआईटी आईएसएम से सर्वेक्षण कराने पर बनी सहमति

डेंजर जोन का सीमांकन करमे एवं रिपोर्ट एक माह के अंदर देने का निर्देश

डीजे न्यूज, धनबाद: बीते दिनों कतरास के छाताबाद में हुए भू धंसान की घटना के बाद प्रभावितों द्वारा दिया जा रहा धरना मामले को लेकर सोमवार शाम सर्किट हाउस में वार्ता हुई।
अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के मंत्री हफीजुल हसन तथा विधायक टुंडी मथुरा प्रसाद महतो  की उपस्थिति में हुई वार्ता में छाताबाद के भू-धंसान प्रभावित परिवारों, बीसीसीएल तथा जेआरडीए के अधिकारी उपस्थित रहे।
लगभग 4 घंटे तक चली वार्ता में पुनर्वास, मुआवजा, चिकित्सीय सहायता सहित अन्य मुद्दों पर चर्चा हुई। इस दौरान भू-धंसान क्षेत्र का आईआईटी आईएसएम से सर्वेक्षण करा कर डेंजर जोन का सीमांकन करने एवं उसकी रिपोर्ट एक माह के अंदर देने पर सहमति बनी।
साथ-साथ घटना में घायल लोगों की चिकित्सकीय सहायता एवं सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने, खनन के दौरान सुरक्षा व ब्लास्टिंग के नियमों का पालन करने, घटनास्थल के आसपास बैरिकेडिंग कर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने, डेंजर जोन के सर्वे में मस्जिद, मदरसा, ईदगाह एवं स्कूल को शामिल करने पर सहमति बनी।
वार्ता के दौरान मंत्री ने कहा कि वे मुख्यमंत्री  हेमंत सोरेन के निर्देश पर छाताबाद का भ्रमण किया। मुख्यमंत्री ने भू-धंसान की घटना पर चिंता जताई है। राज्य सरकार के लिए भू-धंसान तथा डेंजर जोन में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सर्वोपरि है।
वार्ता में भू-धंसान एवं अग्नि प्रभावित क्षेत्र के आसपास इमरजेंसी रिस्पांस सिस्टम तैयार करने का निर्देश मंत्री ने दिया। वहीं बीसीसीएल ने बताया कि प्रभावित परिवारों के लिए बेलगड़िया के अलावा अन्य 20-21 साइट शिफ्टिंग के लिए तैयार रखी गई है।

उप विकास आयुक्त सन्नी राज ने कहा कि डेंजर जोन में रहने वाले लोगों को कई बार बस में बैठाकर बेलगड़िया का भ्रमण कराया है। भ्रमण के दौरान वे बेलगड़िया में रहने के लिए राजी हो जाते हैं। लेकिन वापस जाकर शिफ्टिंग करने के लिए राजी नहीं होते हैं। उन्होंने कहा कि उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने बेलगड़िया में पानी, बिजली, सड़क, स्कूल, कॉलेज, स्वास्थ्य केन्द्र सहित सभी बुनियादी सुविधाएं प्रदान की है। विस्थापितों के रोजगार के लिए भी कई योजनाओं पर काम चल रहा है।
वार्ता में सभी बिंदुओं पर सहमति बनी।
मौके पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, अनुमंडल दंडाधिकारी लोकेश बारंगे, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, बीसीसीएल के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल, निदेशक (मानव संसाधन)  मुरली कृष्ण रमैया, निदेशक  संजय कुमार सिंह, वार्ड 32 छाताबाद के पार्षद मोहम्मद शाहबुद्दीन, चंद्रशेखर अग्रवाल, मन्नु आलम के अलावा जेआरडीए, बीसीसीएल के पदाधिकारी व छाताबाद के नागरिक मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top