चांडिल डैम को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर मिलेगी पहचान, सीएम ने विकास का खाका तैयार करने का दिया निर्देश

चांडिल डैम को पर्यटन के वैश्विक मानचित्र पर मिलेगी पहचान, सीएम ने विकास का खाका तैयार करने का दिया निर्देश

डीजे न्यूज, चांडिल, (सरायकेला-खरसावां) : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगलवार को परिजनों के साथ प्रसिद्ध चांडिल डैम का भ्रमण किया। डैम की प्राकृतिक सुंदरता और शांत वातावरण से अभिभूत मुख्यमंत्री ने इसे विश्वस्तरीय पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने जिला प्रशासन को पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।

धातकीडीह जाने के क्रम में चांडिल डैम पहुंचे मुख्यमंत्री ने डैम परिसर का भ्रमण किया और सरायकेला-खरसावां के उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह के साथ विकास की संभावनाओं पर चर्चा की। इस दौरान उन्होंने चांडिल डैम के बहुआयामी विकास, पर्यटन संवर्धन, जल प्रबंधन और चांडिल परियोजना के कार्यों में तेजी लाने सहित विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए। साथ ही बिजली उत्पादन एवं संवर्धन से जुड़े पहलुओं पर भी कार्ययोजना बनाने को कहा।

**इको-टूरिज्म से खुलेंगे रोजगार के नए रास्ते**

मुख्यमंत्री ने कहा कि चांडिल डैम में इको-टूरिज्म की अपार संभावनाएं हैं। यहां आने वाले पर्यटकों की सुरक्षा, बुनियादी सुविधाओं और नौकायन (बोटिंग) की व्यवस्था को आधुनिक एवं सुव्यवस्थित बनाने की जरूरत है। पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने से स्थानीय युवाओं और ग्रामीणों के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे। इससे क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

**पर्यावरण संरक्षण के साथ होगा क्षेत्र का विकास**

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को चांडिल डैम और आसपास के क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए दीर्घकालिक एवं पर्यावरण अनुकूल ब्लूप्रिंट तैयार करने का निर्देश दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास की योजनाएं इस तरह तैयार हों, जिससे प्राकृतिक सौंदर्य और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए बिना क्षेत्र को आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित किया जा सके।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन, विधायक सविता महतो, विधायक सोमेश चंद्र सोरेन, कोल्हान प्रमंडल के आयुक्त रविरंजन कुमार विक्रम, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, चांडिल एसडीएम नितिन शिवम गुप्ता समेत जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top