आधार के अभाव में सरकारी सुविधाओं से दूर धनेता के ग्रामीण, बच्चों को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे ग्रामीण 

आधार के अभाव में सरकारी सुविधाओं से दूर धनेता के ग्रामीण, बच्चों को लेकर प्रखंड कार्यालय पहुंचे ग्रामीण 

डीजे न्यूज, गावां (गिरिडीह) : आधार कार्ड नहीं बनने के कारण गावां प्रखंड की अमतरो पंचायत के धनेता गांव के दर्जनों ग्रामीण सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित हैं। अपनी समस्याओं को लेकर मंगलवार को दर्जनों महिला-पुरुष अपने बच्चों के साथ जिप सदस्य पवन कुमार चौधरी के नेतृत्व में प्रखंड कार्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने बीडीओ महेंद्र रविदास से मुलाकात कर अपनी परेशानी रखी और जल्द समाधान की मांग की।

ग्रामीणों ने बताया कि वे भुला जाति से आते हैं। उनके बच्चों का आधार कार्ड नहीं बनने के कारण विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ लेने में परेशानी हो रही है। आधार के अभाव में एसआईआर के कार्य में भी उन्हें कई तरह की दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि कई बुजुर्ग महिलाओं को अब तक वृद्धावस्था पेंशन का लाभ भी नहीं मिल रहा है।

वहीं, एक महिला ने शिकायत की कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत प्रखंड कर्मी उनके घर पहुंचकर जियो टैगिंग कर चुके हैं, लेकिन अब तक उन्हें आवास उपलब्ध नहीं कराया गया है। महिलाओं ने मंईयां सम्मान योजना की राशि नहीं मिलने की समस्या भी अधिकारियों के समक्ष रखी।

इस दौरान जिप सदस्य पवन कुमार चौधरी ने बीडीओ से ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जल्द समाधान कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि आधार कार्ड के अभाव में बच्चों और बुजुर्गों को सरकारी योजनाओं से वंचित रहना पड़ रहा है। सभी पात्र लोगों का आधार कार्ड बनवाने के साथ उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने की व्यवस्था होनी चाहिए।

मामले में बीडीओ महेंद्र रविदास ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि जल्द ही आधार कार्ड बनवाने की व्यवस्था की जाएगी। साथ ही पात्र लाभुकों को वृद्धावस्था पेंशन, आवास और अन्य सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए आवश्यक पहल की जाएगी।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top