
चाईबासा में पुलिस को बड़ी सफलता, उग्रवादी गिरफ्तार
डीजे न्यूज, चाईबासा : प्रतिबंधित नक्सली संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (PLFI) के सक्रिय सदस्य बिरसा मुंडा उर्फ बिरसा मुण्डरी (18 वर्ष) को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। मुरहू पुलिस ने बुधवार को यह बड़ी सफलता हासिल की। गिरफ्तार उग्रवादी बंदगांव थाना क्षेत्र के लुम्बई गांव का निवासी है और उस पर कई संगीन मामले दर्ज हैं।
लगे गंभीर आरोप
28 जुलाई 2023 को उसके खिलाफ आईपीसी की धारा 385/387/427, आर्म्स एक्ट की धारा 25 (1ए)/25 (1बी)ए/25(6)/26/35 तथा सीएलए एक्ट की धारा 17 के तहत मामला दर्ज किया गया था।
इसके अलावा मुरहू थाने में उस पर तीन अन्य केस भी दर्ज हैं।
वह लंबे समय से पुलिस से बचने के लिए फरार चल रहा था, जिसके कारण न्यायालय ने उसके खिलाफ इश्तेहार जारी कर दिया था।
गिरफ्तारी से नक्सली गतिविधियों पर लगेगा अंकुश
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, बिरसा मुंडा की गिरफ्तारी से पीएलएफआई की आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगेगी। वह जबरन वसूली, अवैध हथियारों की खरीद-फरोख्त और अन्य संगीन अपराधों में संलिप्त था। पुलिस ने लगातार छापेमारी कर उसकी तलाश की और आखिरकार उसे गिरफ्तार करने में सफलता पाई। पुलिस की इस कार्रवाई को नक्सल उन्मूलन के प्रयासों की महत्वपूर्ण सफलता के रूप में देखा जा रहा है।