बोल बम के जयघोष से गूंजा राजगंज
सुल्तानगंज रवाना हुआ कांवरियों का जत्था
डीजे न्यूज, राजगंज(धनबाद): सावन माह की पावन बेला में रविवार को राजगंज शिव मंदिर परिसर से बोल बम कांवरियों का श्रद्धापूर्ण जत्था बाबा भोलेनाथ के जयघोष के साथ फोर व्हीलर से सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। यात्रा से पूर्व मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना एवं आरती की गई। कांवरियों ने भगवान शिव का आशीर्वाद लेकर सुख-शांति, समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की।
पूजा-अर्चना के बाद कांवरियों का जत्था जैसे ही रवाना हुआ, पूरा मंदिर परिसर “बोल बम”, “हर हर महादेव” और “बाबा भोलेनाथ की जय” के जयकारों से गूंज उठा। भगवा वस्त्रों में सजे कांवरियों में बाबा के प्रति आस्था और भक्ति का विशेष उत्साह देखने को मिला।
स्थानीय श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों ने कांवरियों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया और उनकी मंगलमय यात्रा की कामना की। जत्था सुल्तानगंज पहुंचकर पवित्र उत्तरवाहिनी गंगा से जल लेकर बाबा बैद्यनाथ धाम के लिए प्रस्थान करेगा, जहां बाबा भोलेनाथ का जलाभिषेक किया जाएगा।
कांवरियों की रवानगी के दौरान पूरा वातावरण शिवमय नजर आया। हर ओर भगवा रंग, गूंजते बोल बम के जयकारे और श्रद्धालुओं की आस्था ने राजगंज को भक्तिरस में सराबोर कर दिया। इस अवसर पर मंदिर समिति के सदस्य, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।