बलियापुर में शहीद विभूति महतो का शहादत दिवस मना भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने पर जोर

Advertisements

बलियापुर में शहीद विभूति महतो का शहादत दिवस मना

भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई लड़ने पर जोर

डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर स्थित विभूति मैदान में गुरुवार को शहीद विभूति महतो का शहादत दिवस मनाया गया।   सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा की उन्होंने पुलिस जुल्म के विरुद्ध लड़ाई लड़ते हुए अपने प्राणों की आहुति दी। आज भी देश में पुलिस जुल्म, अत्याचार एवं भ्रष्टाचार व्याप्त है। इसके विरुद्ध लड़ाई जारी रखने की जरूरत है।  नीट पेपर लीक जैसी घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार शिक्षित युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ कर रही है। इससे शिक्षित युवाओं में सरकार के प्रति भारी आक्रोश है। सरकार के ऐसी भ्रष्ट नीतियों के विरुद्ध युवाओं को एकजुट होने तथा भ्रष्ट सरकार के विरुद्ध संघर्ष करने का आह्वान किया।
पूर्व विधायक आनंद महतो ने कहा कि देश की भ्रष्ट नीति के चलते युवा आत्महत्या करने को विवश है। आत्महत्या करने से समस्या का हल संभव नहीं है। भ्रष्टाचार के विरुद्ध लड़ाई लड़ने की आवश्यकता है। सभा को संबोधित करने वालों में भाकपा माले नेत्री सीमा देवी, सुरेश प्रसाद, पूर्व मुखिया जंग बहादुर महतो, बैजनाथ राम, वृंदा पासवान, रघुनंदन सिंह, लखन गोराई, काशीनाथ मंडल, नलिन महतो, मेघु महतो आदि थे। संचालन देवाशीष पांडे कर रहे थे। इसके पूर्व सभा स्थल पर स्थित शहीद विभूति महतो की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी गई । प्रतिमा पर दिवंगत की पत्नी कुसुम देवी ने भी माल्यार्पण किया। श्रद्धांजलि सभा के पूर्व विभूति मैदान से मशाल जुलूस निकाली गई जो बलियापुर बाजार का भ्रमण करते हुए पुन सभा स्थल पर पहुंची। जुलूस में शामिल महिला पुरुष पुलिस जुल्म बंद करो , भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंको आदि नारे लगा रहे थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top