बलियापुर में सड़क दुर्घटना में पूर्वी टुंडी के युवक की मौत
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): बलियापुर- गोविंदपुर रोड पर बलियापुर थाना क्षेत्र के मोहनपुर के पास गुरुवार देर रात एक ट्रैक्टर ने बाइक को टक्कर मार दिया। इस घटना में पूर्वी टुंडी के मयरा नवाटांड़ निवासी 32 वर्षीय दुर्गा हेंब्रम की मौत हो गई। मृतक की पहचान उसके पॉकेट से मिले आधार कार्ड से हुई है। घटना के बाद चालक ट्रैक्टर को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग निकला।
शादी विवाह का लगन होने के कारण रात भर विभिन्न प्रकार के वाहनों का सड़क पर आना-जाना लगा था। रात करीब 2:30 बजे मोहनपुर के पास बाइक सवार युवक जख्मी हालत में सड़क पर पड़ा था। उस रास्ते बलियापुर लौट रहा एक युवक ने सड़क पर पड़े जख्मी युवक को देखकर वहां रुका। मोहनपुर के एक युवक के साथ मिलकर अपनी बाइक से जख्मी को बलियापुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले आया। जख्मी की गंभीर स्थिति को देख अस्पताल कर्मियों ने एंबुलेंस से उसे धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेमोरियल हॉस्पिटल भेज दिया, जहां उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाइक एवं ट्रैक्टर को जप्त कर थाना ले आई है।