बलियापुर में जारी है अतिक्रमण हटाओ अभियान
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद) : बलियापुर के अंचलाधिकारी प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में सोमवार को चौथे दिन भी बलियापुर बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। इस दौरान बाजार चौक के अगल-बगल और विभिन्न सड़कों पर अतिक्रमण किए गए दुकानों और होर्डिंग्स को हटाया गया। सीओ सिंह ने कहा कि बाजार को अतिक्रमण मुक्त होने तक यह अभियान जारी रहेगा।
इस अभियान में अंचल कार्यालय बलियापुर के कर्मी और पुलिस कर्मी भी मौजूद थे। इससे पहले भी बलियापुर बाजार में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया था, जिसमें एक दर्जन से अधिक अवैध दुकानें हटाई गई थीं। सीओ सिंह ने स्पष्ट किया है कि अतिक्रमणकारियों को स्वेच्छा से जगह खाली करने का निर्देश दिया गया है, अन्यथा बलपूर्वक कार्रवाई की जाएगी।