बलियापुर की खबरें:-
किसान, मजदूर, गरीब व दलितों के मसीहा थे पूर्व सांसद एके राय: चंद्रदेव महतो
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): प्रख्यात मजदूर नेता व मार्क्सवादी विचारक पूर्व सांसद एके राय की जयंती पर सोमवार को बीबीएम इंटर कॉलेज विकास समिति की ओर से कॉलेज प्रांगण में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। लोगों ने पूर्व सांसद के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। सिंदरी के विधायक चंद्रदेव महतो ने पूर्व सांसद द्वारा धनबाद कोयलांचल में किसान, मजदूर एवं गरीब दलितों के हक अधिकार के लिए चलाए गए आंदोलन का जिक्र करते हुए उन्हें महान क्रांतिकारी बताया। पूर्व विधायक आनंद महतो ने भी पूर्व सांसद को किसान मजदूर एवं गरीब दलितों का मसीहा बताया। मौके पर समिति के सचिव मुखिया गणेश महतो, कोषाध्यक्ष जगदीश प्रसाद अग्रवाल, गुरु चरण सिंह, संतोष रवानी, काशीनाथ मंडल, आशीष चटर्जी, प्राचार्य डॉ राकेश कुमार महतो, प्रोफेसर अकबर अली खान, काजी असीर अहमद, प्रो विशेश्वर , प्रोफेसर अमीन कुमार महतो, प्रोफेसर अनिता कुमारी, प्रोफेसर शर्मिष्ठा कुमारी, प्रोफेसर दिनेश कुमार , सुशील महतो, लालू मोदी, सुजीत महतो, कृष्णा किशोर, प्रो पित्त वाद्यकार आदि थे। संचालन प्रोफेसर वरुण कुमार सरकार कर रहे थे।
———————————————
देशी शराब दुकान की आड़ में बेच रहा था अंग्रेजी शराब
पुलिस ने जब्त किया भारी मात्रा में शराब, प्राथमिकी दर्ज
बलियापुर: बलियापुर पुलिस ने सोमवार को सामलापुर चेक पोस्ट के पास स्थित देशी शराब की दुकान में छापामारी कर भारी मात्रा में विभिन्न ब्रांड के अंग्रेजी शराब की बोतलें बरामद किया है। उक्त शराब दुकान के आड़ में काउंटर के पीछे कमरे में दुकानदार द्वारा अंग्रेजी शराब की बोतले बिक्री हेतु रखी गई थी। इसकी सूचना पुलिस को मिलने पर छापामारी की। छापामारी के दौरान मौका पाकर दुकानदार भागने में सफल रहा। छापामारी के दौरान पुलिस ने दुकानदार से जप्त अंग्रेजी शराब के कागजात की मांग की, लेकिन वह भाग निकला। जप्त शराब में 39 बियर की बोतले एवं विभिन्न ब्रांड के छोटे बड़े 155 अंग्रेजी शराब की बोतलें शामिल है। इस संबंध में बलियापुर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई है। प्राथमिकी में दुकान के लाइसेंसधारी मनित चौजर एवं जितेंद्र पटेल को नामजद आरोपी बनाया गया है।
——————————————–
अजीत रवानी हत्याकांड में एक गिरफ्तार, दो की तलाश जारी
बलियापुर: नीमटांड़ निवासी अजीत रवानी हत्याकांड मामले में बलियापुर पुलिस ने घटना में संलिप्त मोदीडीह गांव निवासी हराधन महतो को रविवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्याकांड में संलिप्त अन्य कई लोगों की गिरफ्तारी हेतु पुलिस लगातार छापामारी कर रही है। मालूम हो कि 9 जून को मृतक अजीत रवानी का शव गोलमारा की झाड़ियों में मिला था। वह 7 जून को ड्यूटी के लिए आमझर स्थित फ्लाई ऐश फैक्ट्री निकला था, फिर वापस नहीं लौटा।
पुलिस फैक्ट्री के मालिक ऋषि अग्रवाल एवं पोकलेन ड्राइवर को भी खोज रही है। पोकलेन ड्राइवर की तलाश में बलियापुर पुलिस बिहार भी गई थी। वही फैक्ट्री मालिक ऋषि अग्रवाल के धनबाद स्थित उनके आवास में नहीं मिलने पर पुलिस ने उनकी कार को जप्त कर थाना ले आई है । दूसरी ओर उक्त घटना में घायल एवं इलाजरत नाइट गार्ड गाजन महतो का बयान पुलिस ने अभी तक नहीं ले पाई है। पुलिस का दावा है कि घायल गाजन महतो से पूछताछ के बाद मामले की हकीकत का पता चल जाएगा। फिलहाल घायल गाजन महतो की स्थिति गंभीर बनी हुई है। उसका इलाज बोकारो बीजीएच में चल रहा है।