बलियापुर की खबरें:-
थाना के बाहर से पार्टस चोरी करते एक धराया, भेजा जेल
डीजे न्यूज, बलियापुर(धनबाद): थाना में जप्त ट्रक का पार्ट्स पुर्जा चोरी करते रंगे हाथों पकड़े गए झरिया स्थित समशेर नगर निवासी 37 वर्षीय असलम अंसारी को बलियापुर पुलिस ने गुरुवार को जेल भेज दिया। पुलिस ने जप्त की गई ट्रक को थाना के द्वार के समक्ष मुख्य सड़क के किनारे रखा था। बुधवार को चिलचिलाती धूप के दौरान सड़क सुनसान रहने का फायदा उठाते हुए उक्त चोर पार्ट्स पूर्जे की चोरी कर रहा था। पुलिस ने मौके पर ही उसे धर दबोचा और प्राथमिकी दर्ज की थी।
————————————–
लोयाबाद के घटना की उच्चस्तरीय जांच की मांग
बलियापुर: चंद्रवंशी रवानी समाज की बैठक गुरुवार को जगदीश पब्लिक स्कूल कर्माटांड़ में संपन्न हुई। बैठक में लोयाबाद थाना क्षेत्र में किशुन रवानी हत्याकांड मामले में रजनी रवानी को जेल भेजे जाने के पुलिसिया मामले की निंदा की गई। समाज के जगदीश रवानी ने कहा कि रवानी समाज के ही एक व्यक्ति की हत्या की घटना में इसी समाज के रजनी को पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। यह एक साजिश है। मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग जिला पुलिस प्रशासन से किया गया। बैठक में अधिवक्ता निताई रवानी, विनोद रवानी, मंटू रवानी, हिमांशु रवानी, हरिपद रवानी, नरेश रवानी, समीर रवानी, हेमंत रवानी, मोहन रवानी, धर्मेंद्र रवानी, परमेश्वर रवानी , हरे कृष्णा रवानी, विष्णु रवानी, मुकेश रवानी आदि थे।
——————————————-
रेत खुदाई कर इंटेकवेल तक पानी पहुंचाने की कवायद फेल, बलियापुर में मचा हाहाकार
बलियापुर: बलियापुर जलापूर्ति योजना को चालू करने के लिए दामोदर नदी में रेत की खुदाई कर इंटेकवेल तक पानी पहुंचाने की विभाग की कवायद नाकाम हो गया। बुधवार को शुरू किए गए इस कार्य को गुरुवार को रोक दिया गया। विभागीय कर्मियों का कहना है कि दामोदर नदी के सूखने से रेत खुदाई से भी क्षेत्र में जलापूर्ति असंभव है। अस्सिटेंट इंजीनियर जनार्दन प्रसाद ने कहा कि जब तक नदी में पानी का बहाव नहीं होगा जलापूर्ति का कार्य संभव नहीं है। बताया कि नदी में ऊपर से पानी छोड़ने के लिए तेनुघाट डैम से जिला प्रशासन के अधिकारी संपर्क साधने में लगे हैं। दामोदर नदी के सुखने तथा इससे पूरे बलियापुर क्षेत्र में जलापूर्ति ठप पड़ने से इलाके में इस भीषण गर्मी में लोग पानी के लिए त्राहि त्राहि करने लगे हैं।