बलियापुर के 156 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न बाल-मित्र आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालयी संरचना में सकारात्मक बदलाव पर दिया गया जोर

बलियापुर के 156 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शिक्षकों का एक दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न

बाल-मित्र आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और विद्यालयी संरचना में सकारात्मक बदलाव पर दिया गया जोर

डीजे न्यूज, धनबाद: बच्चों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा के स्तर को और अधिक मजबूत बनाने के उद्देश्य से बलियापुर प्रखंड के 156 प्राथमिक एवं मध्य विद्यालयों के शिक्षकों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने उपस्थित होकर शिक्षकों का मार्गदर्शन किया और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश दिए।

इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों के व्यापक हित को ध्यान में रखते हुए विद्यालयों की आधारभूत संरचनाओं में सकारात्मक और गुणात्मक बदलाव लाना है। इसके साथ ही, सरकारी स्तर पर विद्यालयों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न शिक्षण एवं अन्य सामग्रियों का उचित रख-रखाव और उनका शत-प्रतिशत बेहतर उपयोग सुनिश्चित करना था, ताकि संसाधनों का लाभ सीधे बच्चों तक पहुँच सके।

बाल-मित्र शिक्षा और सुरक्षित वातावरण पर चर्चा

प्रशिक्षण के दौरान इस बात पर विस्तृत चर्चा की गई कि ‘बाल-मित्र आधारित गुणवत्तापूर्ण शिक्षा’ को धरातल पर व्यावहारिक रूप से कैसे प्रभावी बनाया जाए। इसके अंतर्गत विद्यालयी वातावरण को बच्चों के लिए अधिक आकर्षक, सुरक्षित और शिक्षण-अधिगम के अनुकूल बनाने पर विशेष बल दिया गया।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने शिक्षकों को प्रेरित करते हुए कहा कि विद्यालय का माहौल ऐसा होना चाहिए जहाँ बच्चे खुद को सुरक्षित महसूस करें और खेल-खेल में रुचि के साथ शिक्षा ग्रहण कर सकें। उन्होंने सभी शिक्षकों से प्रशिक्षण में सीखी गई बातों को अपने-अपने विद्यालयों में पूरी निष्ठा के साथ लागू करने का आह्वान किया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top