बीएलओ और सुपरवाइजरों का दो दिवसीय प्रशिक्षण संपन्न
एसआइआर के सफल क्रियान्वयन पर दिया गया जोर
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): बाघमारा विधानसभा के अंतर्गत आने वाले बीएलओ (BLO), बीएलओ सुपरवाइजर का दो दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर सोमवार को बाघमारा स्थित प्रखंड सभागार में संपन्न हुआ।
निर्वाचक निबंधन पदाधिकारी बाघमारा-सह-निदेशक, लेखा प्रशासन एवं स्व नियोजन, धनबाद राजीव रंजन ने संबंधित एईआरओ (AERO) और कंप्यूटर ऑपरेटरों की उपस्थिति में समापन सत्र को संबोधित किया।
इस प्रशिक्षण शिविर में एसआइआर अभियान के तहत गणना फार्म डिस्ट्रीब्यूशन और फील्ड से उसे त्रुटिहीन तरीके से संग्रहित (Collection) करने की पूरी प्रक्रिया को बारीकी से समझाया गया। प्रखंड सभागार में आयोजित इस कार्यक्रम को सुचारू रूप से चलाने के लिए पूरी ट्रेनिंग को तीन अलग-अलग पालियों में विभाजित किया गया था, जिसमें प्रति पाली 80-80 के बैच में बीएलओ और बीएलओ सुपरवाइजर को प्रशिक्षित किया गया।
डिजिटल माध्यम और प्रोजेक्टर से दी गई ट्रेनिंग
प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों द्वारा प्रोजेक्टर और लैपटॉप के माध्यम से बीएलओ (BLO) ऐप की कार्यप्रणाली और फॉर्म भरने की तकनीकी बारीकियों को लाइव दिखाया गया। अधिकारियों ने कहा कि एसआइआर एक अत्यंत महत्वपूर्ण और समयबद्ध अभियान है, इसलिए फॉर्म के वितरण से लेकर उनके संकलन l तक के काम में किसी भी प्रकार की कोताही या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डाउट क्लियरिंग सेशन में हुआ समस्याओं का समाधान
प्रशिक्षण के अंतिम सत्र में एक विशेष प्रश्न-उत्तर सेशन का आयोजन किया गया। इसमें फील्ड में काम करने के दौरान आने वाली व्यावहारिक और तकनीकी समस्याओं को लेकर बीएलओ तथा कंप्यूटर ऑपरेटरों ने मंच पर आसीन अधिकारियों से सीधे सवाल पूछे। अधिकारियों ने बेहद सरल तरीके से सभी के डाउट्स क्लियर किए और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
इस मौके पर संबंधित एईआरओ (AERO), चुनाव सेल के वरिष्ठ पदाधिकारी, तकनीकी एक्सपर्ट्स और भारी संख्या में महिला व पुरुष बीएलओ एवं सुपरवाइजर मुख्य रूप से उपस्थित थे।