बकाया वेतन भुगतान की मांग को सत्याग्रह पर बैठने की चेतावनी
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): गुजराती हिंदी मध्य विद्यालय, कतरासगढ़ की शिक्षिका भावना चौहान ने बकाया वेतन और नियमित भुगतान की मांग को लेकर आंदोलन का ऐलान किया है। उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी, धनबाद को पत्र देकर कहा है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं तो 20 अप्रैल से विद्यालय के मुख्य द्वार पर सत्याग्रह एवं भूख हड़ताल पर बैठेंगी।
शिक्षिका भावना चौहान ने पत्र में कहा है कि वे वर्ष 2002 से विद्यालय में कार्यरत हैं। उनका मासिक वेतन मात्र 2540 रूपये निर्धारित है। इसके बावजूद पिछले कई महीनों से वेतन भुगतान नहीं किया गया है। वेतन वृद्धि की मांग करने पर विद्यालय प्रबंधन समिति द्वारा नौकरी छोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है। वर्तमान में उनके पास आजीविका का कोई अन्य साधन नहीं है, फिर भी वे अत्यंत कम वेतन में शिक्षण कार्य करने को मजबूर हैं। उन्होंने पत्र की प्रतिलिपि विधायक, महापौर, अंचल अधिकारी, थाना प्रभारी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और गुजराती समाज के अध्यक्ष व सचिव को दी है।