बिजली संकट पर भड़का जनाक्रोश, 48 घंटे का अल्टीमेटम  

Advertisements

बिजली संकट पर भड़का जनाक्रोश, 48 घंटे का अल्टीमेटम  

26 अप्रैल को सड़क जाम

डीजे न्यूज, गावां, (गिरिडीह): धनवार विधानसभा क्षेत्र में लगातार बिगड़ती बिजली व्यवस्था, लो-वोल्टेज और अनियमित आपूर्ति से परेशान लोगों का आक्रोश अब सड़कों पर दिखने लगा है। इसी क्रम में शुक्रवार को भाकपा माले के बैनर तले कार्यकर्ताओं ने विद्युत कार्यालय, गावां के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए बिजली व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की गई।

प्रदर्शन में धनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव मुख्य रूप से शामिल हुए। उन्होंने बिजली विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों की उदासीनता के कारण आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के इस दौर में, जब बिजली की सबसे अधिक जरूरत है, तब क्षेत्र में घंटों कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या बनी हुई है। इसका असर घरेलू कार्यों के साथ-साथ व्यापार, पढ़ाई और पेयजल आपूर्ति पर भी पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि बिजली की स्थिति अब “आंख-मिचौनी” जैसी हो गई है। ग्रामीण इलाकों में घंटों बिजली गायब रहती है, जबकि जले हुए ट्रांसफॉर्मर और खराब तारों की शिकायतों पर भी विभाग समय पर कार्रवाई नहीं करता। इसे उन्होंने विभागीय उदासीनता का परिणाम बताया।

पूर्व विधायक ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों पर भी निशाना साधते हुए कहा कि क्षेत्र के विधायक और सांसद इस गंभीर मुद्दे पर पूरी तरह चुप हैं, जिससे जनता की समस्याएं और बढ़ रही हैं।

उन्होंने प्रशासन और बिजली विभाग को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि 48 घंटे के भीतर व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो 26 अप्रैल को नवादा–गिरिडीह मुख्य मार्ग को जाम किया जाएगा। इस दौरान उत्पन्न होने वाली किसी भी स्थिति की जिम्मेदारी प्रशासन और विभाग की होगी।

प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नियमित बिजली आपूर्ति, मेंटेनेंस में सुधार, जले ट्रांसफॉर्मरों को तत्काल बदलने और लो-वोल्टेज की समस्या खत्म करने की मांग उठाई। साथ ही चेतावनी दी कि मांगें नहीं मानी गईं तो आंदोलन को और उग्र किया जाएगा।

मौके पर माले नेता नागेश्वर यादव, जिला परिषद सदस्य पवन चौधरी, उप प्रमुख प्रतिनिधि गणेश यादव, इनौस प्रखंड अध्यक्ष अकलेश यादव, प्रखंड सचिव आनंदी यादव, उपेंद्र कुमार, सदानंद यादव सहित कई कार्यकर्ता मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top