भ्रष्टाचार के खिलाफ बेड़ा कोलियरी में सीटू ने किया प्रदर्शन
डीजे न्यूज, तिसरा(धनबाद) : बेड़ा कोलियरी में व्याप्त भ्रष्टाचार के विरोध तथा 11 सूत्री मांग पत्र के समर्थन में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन (सीटू) के नेतृत्व में बेड़ा और दोबारी कोलियरी के मजदूरों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मजदूर हाजिरी घर से जुलूस की शक्ल में निकलकर बेड़ा परियोजना पदाधिकारी कार्यालय के मुख्य द्वार तक पहुंचे, जहां सभा का आयोजन किया गया। सभा की अध्यक्षता शाखा अध्यक्ष रामवदन राम ने की।
मुख्य वक्ता बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के केंद्रीय संगठन सचिव आनंद महिपाल ने मजदूरों को संबोधित करते हुए कहा कि बेड़ा और दोबारी कोलियरी के मजदूर हमेशा भ्रष्टाचार, गुंडागर्दी और सूदखोरी के खिलाफ संघर्ष करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि मजदूरों को छोटे-मोटे बाबुओं से घबराने की जरूरत नहीं है। प्रबंधन को अपने स्तर से विधिसम्मत कार्रवाई करनी चाहिए तथा 11 सूत्री मांग पत्र पर सम्मानजनक वार्ता कर समाधान निकालना चाहिए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर सकारात्मक पहल नहीं हुई तो यूनियन व्यापक आंदोलन करने को बाध्य होगी।
सभा को दोबारी शाखा अध्यक्ष लीला चौहान, बेड़ा शाखा सचिव पतित पावन माझी, बेड़ा शाखा उपाध्यक्ष अंजन बराट, लालजी केवट, घनश्याम मुंडा और असित चटर्जी ने भी संबोधित किया तथा मजदूरों की समस्याओं और मांगों को प्रमुखता से उठाया।
प्रदर्शन में कॉमरेड फूलकुमारी मांझीआईन, अमीउल्लाह खान, नरेश रजक, आनंद कोड़ा, संजय सिंह, वीरेंद्र हरिजन, धीरज पांडे, ललन प्रसाद सिंह, तरुण कुमार माझी और उत्तम हारि सहित बड़ी संख्या में मजदूर शामिल हुए। यूनियन नेताओं ने कहा कि मजदूर हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और मांगों की पूर्ति तक आंदोलन जारी रहेगा।