भक्तिभाव के साथ पर्यूषण पर्व का समापन
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): दिगम्बर जैन समाज की ओर से आयोजित पर्यूषण पर्व का समापन शुक्रवार को भक्तिभाव के साथ हुआ। अंतिम दिन प्रातःकाल प्रथम तीर्थंकर भगवान आदिनाथ जी की विशेष पूजा-अर्चना के उपरांत विश्व शांति की कामना के साथ शांतिधारा का आयोजन किया गया। शांतिधारा करने का सौभाग्य रिंकू एवं जय कुमार पहाड़िया के परिवार को प्राप्त हुआ, जिसके पश्चात समाज के सभी पुरुषों एवं महिलाओं ने एक साथ मिलकर सामूहिक पूजन किया। समाज के पूर्व अध्यक्ष अनिल कुमार जैन ने दसलक्षण पर्व के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इन दस दिनों में प्रतिदिन धर्म के दस लक्षणों की अलग-अलग आराधना की जाती है। अंतिम दिन ‘उत्तम ब्रह्मचर्य’ धर्म पर पूजा, प्रक्षाल एवं स्वाध्याय संपन्न हुआ। इस संपूर्ण आयोजन को सुचारू रूप से संपन्न कराने में समाज के अध्यक्ष कपूर पहाड़िया, लक्की काला, राकेश, विपिन, प्रदीप सेठी, अमर सेठी, आनंद कला, जोनी पहाड़िया एवं कमल पहाड़िया का विशेष योगदान रहा।