उपायुक्त ने 45 लोगों की सुनी समस्याएं,समाधान का दिया आश्वासन
डीजे न्यूज, गिरिडीह : आमजनों की समस्याओं को सीधे सुनने और उनके समाधान की दिशा में कार्रवाई सुनिश्चित करने के उद्देश्य से उपायुक्त रामनिवास यादव ने शुक्रवार को अपने कार्यालय प्रकोष्ठ में जनता दरबार लगाया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से पहुंचे करीब 45 फरियादियों ने व्यक्तिगत एवं सार्वजनिक हित से जुड़ी अपनी समस्याएं और शिकायतें उपायुक्त के समक्ष रखीं।
उपायुक्त ने बारी-बारी से सभी फरियादियों की समस्याएं गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ सुनीं। उन्होंने संबंधित मामलों की जानकारी लेते हुए लोगों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों का नियमानुकूल और प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन कराया जाएगा।
मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को उपायुक्त ने प्राप्त आवेदनों एवं शिकायतों का अवलोकन कर उनके समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जन शिकायतों के समाधान में संवेदनशीलता के साथ निर्धारित प्रक्रिया और नियमों का पालन भी जरूरी है, ताकि पात्र लाभुकों को योजनाओं और सरकारी सेवाओं का उचित लाभ मिल सके।
जनता दरबार के माध्यम से जिला प्रशासन आम लोगों को अपनी समस्याएं सीधे प्रशासन के समक्ष रखने का अवसर दे रहा है। प्राप्त शिकायतों को संबंधित विभागों तक भेजकर उनके समाधान की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। प्रशासन की ओर से शिकायतों के समाधान तक प्रभावी अनुश्रवण सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया जा रहा है।
उपायुक्त ने आमजनों से अपील की कि वे अपनी समस्याओं एवं शिकायतों को निर्धारित माध्यमों से प्रशासन के समक्ष रखें, ताकि मामलों की जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके। मौके पर सहायक समाहर्ता यश कुमार, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अंजना भारती समेत अन्य संबंधित कर्मी मौजूद थे।