दो दिन से अंधेरे में चिरकी, बिजली बहाली की मांग पर पावर हाउस में ग्रामीणों का धरना

दो दिन से अंधेरे में चिरकी, बिजली बहाली की मांग पर पावर हाउस में ग्रामीणों का धरना

डीजे न्यूज, पीरटांड़,गिरिडीह : पीरटांड़ थाना क्षेत्र के चिरकी पंचायत में पिछले दो दिनों से बिजली आपूर्ति ठप रहने से ग्रामीणों में आक्रोश बढ़ गया। बिजली समस्या से परेशान ग्रामीण गुरुवार देर रात चिरकी पावर हाउस पहुंचे और बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए।

मामले की जानकारी मिलने पर बिजली विभाग के अधिकारियों ने फोन पर ग्रामीणों से बातचीत की और शुक्रवार को पीरटांड़ थाना परिसर में बैठक कर समस्या का समाधान कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद ग्रामीण धरना समाप्त कर घर लौट गए। शुक्रवार को ग्रामीण दोबारा पीरटांड़ थाना परिसर पहुंचे और बिजली विभाग के पदाधिकारियों का इंतजार करते रहे। काफी देर तक किसी अधिकारी के नहीं पहुंचने पर ग्रामीण फिर चिरकी पावर हाउस पहुंच गए और धरने पर बैठ गए।

धरने की सूचना मिलने पर झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह, झामुमो नेता महावीर मुर्मू, एसडीपीओ आबिद खान और पीरटांड़ थाना प्रभारी जितेंद्र सिंह धरना स्थल पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों से बातचीत कर उनकी समस्या सुनी। इसी दौरान बिजली विभाग के कार्यपालक अभियंता मृणाल गौतम, एसडीओ राजेश निरंजन टोपो, एसी, बिजली कर्मी दिलीप कुमार समेत अन्य अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।

अधिकारियों ने ग्रामीणों के साथ वार्ता कर बिजली समस्या की जानकारी ली। विभागीय अधिकारियों ने ग्रामीणों से तीन दिनों का समय मांगा और आश्वासन दिया कि इस अवधि में बिजली आपूर्ति में सुधार करने तथा समस्या के समाधान का प्रयास किया जाएगा। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।

ग्रामीणों का कहना है कि चिरकी में पावर हाउस होने के बावजूद क्षेत्र में नियमित बिजली नहीं मिल रही है, जबकि मधुबन क्षेत्र में बिजली आपूर्ति जारी रहती है। ग्रामीणों ने चिरकी क्षेत्र को मधुबन की बिजली लाइन से जोड़ने की मांग की है, ताकि समस्या का स्थायी समाधान हो सके। बिजली आपूर्ति बाधित रहने से बच्चों की पढ़ाई के साथ ग्रामीणों के दैनिक और जरूरी काम भी प्रभावित हो रहे हैं।

धरने में श्याम प्रसाद, मुकेश मंडल, बबलू साव, धीरज वर्णवाल, मुखिया सोमरा हेंब्रम, शूरेंद्र महतो, दीपक मंडल, सुमित कुमार, जावेद, भोला राणा, अनिल भगत, राजेश गुप्ता, साजु, हीरा तुरु, हीरा साव, विक्की गुप्ता, पंकज साव समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top