भौरा गौरखुटी में कर्ज में डूबे डेकोरेटर ने दी जान
डीजे न्यूज तिसरा(धनबाद) : सुदामडीह थाना क्षेत्र के भौरा गौरखुटी निवासी पूनम डेकोरेटर के संचालक संजय कुमार महतो उर्फ गुड्डू 40 ने बीती रात अपने घर के दूसरी मंजिल पर बने एक कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घरवालों ने बताया कि सुबह जब मृतक कि भाभी चूल्हा जलाने के लिए गोइठा लेने छत पर तो गई तो कमरे में देखा कि गुड्डू रस्सी के सहारे लटका हुआ है। उसने हल्ला मचाया तो घर वालों ने उसे नीचे उतारा तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। मौत की खबर सुनकर घर में कोहराम मच गया। हो हल्ला सुनकर आसपास के लोग भी पहुंच गए। गुड्डू के पिता कलाचंद महतो ने बताया कि उनके चार पुत्र और दो पुत्री हैं। सबसे छोटा पुत्र गुड्डू ही था जो डेकोरेटर का काम करता था। उसका कई जगह काम चल रहा था। रात में वह घर आया था और सब कुछ ठीक-ठाक था। फांसी लगाने का कारण का कुछ पता नहीं चल रहा है। गुड्डू की पत्नी रीना महतो, 10 वर्षीय पुत्र मोहित महतो, पुत्री प्रियंका महतो का रो रो कर बुरा हाल है। गुड्डू सामाजिक व मिलनसार लड़का था। उसकी उम्र लगभग 40 वर्ष थी। कुछ लोगों का कहना था कि इधर वह दो-तीन वर्षों से काफी कर्ज में डूबा हुआ था। कई लोगों ने काम करा कर उसका पैसा नहीं दिया। इधर कई लोगों को उसे पैसा देना था जिसके कारण वह काफी तनाव में रहता था। उसकी मौत इस तरह से होगी यह किसी को विश्वास नहीं हो रहा है। पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। सुदामडीह थाना पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में ले ली है।