बगोदर में वर्कशॉप संचालक की हत्या, 3 घंटे रहा सड़क जाम
डीजे न्यूज, गिरिडीह : बगोदर थाना क्षेत्र के हेसला कपसा मोड़ के पास शुक्रवार को अपराधियों ने एक वर्कशॉप संचालक की हत्या कर दी. मृतक की पहचान हेसला निवासी मिथिलेश यादव के रूप में हुई है. मिथिलेश यादव हेसला में वाहनों का वाश वर्कशॉप चलाते थे. घटना की सूचना मिलते ही बगोदर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई. पुलिस हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास कर रही है. फिलहाल हत्या के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं. इस घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया. आक्रोशित लोगों ने कपसा मोड़ के पास करीब 3 घंटे तक सड़क जाम कर दिया. जाम की वजह से वाहनों की लंबी कतार लग गई. घटना की सूचना पर बगोदर विधायक नागेंद्र महतो, पूर्व विधायक विनोद सिंह, डीएसपी धनंजय राम, डुमरी डीएसपी आबिद खान,पुलिस इंस्पेक्टर अजय कुमार और थाना प्रभारी राजेश कुमार मौके पर पहुंचे. पदाधिकारियों ने लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटवाया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल भेज दिया है. मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है.