बगोदर के दो प्रवासी मजदूरों की मौत, गांवों में सन्नाटा
डीजे न्यूज, बगोदर, गिरिडीह : बगोदर प्रखंड के अडवारा पंचायत के जमुआरी गांव निवासी प्रवासी श्रमिक वकील सिंह (45 वर्ष) की मलेशिया में आकस्मिक मृत्यु हो गई, वहीं जरमुने पूर्वी पंचायत के नावाडीह गांव (बरेबारी टोला) के बालेश्वर महतो (38 वर्ष) का निधन विशाखापट्टनम में हो गया। दो अलग-अलग स्थानों पर हुई इन दुखद घटनाओं से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घटना की सूचना मिलते ही बगोदर के पूर्व विधायक विनोद कुमार सिंह जमुआरी और नावाडीह गांव पहुंचे और शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी। उन्होंने हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
पूर्व विधायक ने मलेशिया में ट्रांसमिशन लाइन परियोजना का कार्य कर रही कंपनी Larsen & Toubro Limited (एल एंड टी) के अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर वकील सिंह के पार्थिव शरीर को शीघ्र गांव भिजवाने, आश्रितों को उचित मुआवजा एवं जीवन बीमा का लाभ दिलाने की मांग की। साथ ही विशाखापट्टनम से बालेश्वर महतो के पार्थिव शरीर को जल्द घर भेजने और उनके परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता देने का अनुरोध किया।
जानकारी के अनुसार, वकील सिंह दो वर्ष पूर्व परिवार के भरण-पोषण के लिए मलेशिया गए थे। इसी दौरान उनके पिता झम्मन सिंह का निधन हो गया, लेकिन वे अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके। बड़ी बेटी की शादी में भी वे उपस्थित नहीं रह पाए। एक सप्ताह पहले ब्रेन हेमरेज की शिकायत पर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई। घर में वृद्ध मां, पत्नी मुनिया देवी, तीन बेटियां और एक बेटा हैं। परिवार पर गहरा दुख छा गया है।
दूसरी ओर, बालेश्वर महतो छठ पूजा के बाद रोजगार की तलाश में विशाखापट्टनम गए थे। वे पिछले पांच वर्षों से जेसीबी ऑपरेटर के रूप में कार्यरत थे। काम के दौरान बीमार पड़ने के बाद इलाज चल रहा था, लेकिन शुक्रवार देर रात उनका निधन हो गया। परिवार में वृद्ध पिता, दो बेटियां और एक बेटा हैं। पत्नी का कुछ वर्ष पूर्व देहांत हो चुका है। बड़ी बेटी इंटर विज्ञान की छात्रा है, जबकि छोटी बेटी की इसी माह सीबीएसई मैट्रिक परीक्षा होनी है।
दोनों प्रवासी श्रमिकों की असामयिक मृत्यु से बगोदर क्षेत्र में मातम पसरा हुआ है। ग्रामीण शोकाकुल परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट कर रहे हैं।
बगोदर के दो प्रवासी मजदूरों की मौत, गांवों में सन्नाटा
Advertisements