बीसीसीएल क्षेत्र के स्कूलों में आइआइटी-आइएसएम की अनोखी पहल नवाचार आधारित स्टेम शिक्षा से विद्यार्थियों में बढ़ रही विज्ञान के प्रति रुचि

बीसीसीएल क्षेत्र के स्कूलों में आइआइटी-आइएसएम की अनोखी पहल

 

नवाचार आधारित स्टेम शिक्षा से विद्यार्थियों में बढ़ रही विज्ञान के प्रति रुचि

 

डीजे न्यूज, धनबाद: भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी-आईएसएम) धनबाद, भारत कोकिंग कोल लिमिटेड (बीसीसीएल) के कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) कार्यक्रम के तहत बीसीसीएल के परियोजना प्रभावित (पीएपी) और वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान, प्रौद्योगिकी, इंजीनियरिंग एवं गणित (STEM) शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में लगातार प्रयास कर रहा है।

 

इस पहल के तहत कक्षा 9 और 10 के विद्यार्थियों के लिए भागीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल, राजगंज (बाघमारा), केजीबीवी झरिया सहित बीसीसीएल क्षेत्र के तीन स्कूलों में नियमित STEM कक्षाएं संचालित की जा रही हैं। इन कक्षाओं में आईआईटी (आईएसएम) के विशेषज्ञ विद्यार्थियों को केवल किताबों तक सीमित न रखकर प्रयोग, डिजिटल टूल्स, तार्किक सोच और गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से विज्ञान को आसान और रोचक तरीके से समझा रहे हैं।

 

यह कार्यक्रम आईआईटी (आईएसएम) के मैनेजमेंट स्टडीज एंड इंडस्ट्रियल इंजीनियरिंग विभाग द्वारा प्रो. रश्मि सिंह के मार्गदर्शन तथा प्रो. नीलाद्रि दास के समन्वय में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, रचनात्मकता, विश्लेषण क्षमता और समस्या समाधान कौशल विकसित करना है, ताकि वे भविष्य में विज्ञान एवं इंजीनियरिंग के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित हों।

 

भागीरथ ब्रह्मचारी हाई स्कूल के प्राचार्य आनंद कुमार ने कहा, “आईआईटी (आईएसएम) के विशेषज्ञ जिस तरह प्रयोगों और गतिविधियों के जरिए पढ़ा रहे हैं, उससे बच्चों में विज्ञान के प्रति उत्साह और आत्मविश्वास दोनों बढ़ा है।”

 

वहीं केजीबीवी, झरिया की प्राचार्या सुनीता शॉ ने कहा, “यह पहल हमारे विद्यार्थियों के लिए बेहद प्रेरणादायक है। इससे उनमें उच्च शिक्षा और तकनीकी क्षेत्रों में आगे बढ़ने की नई उम्मीद जगी है।”

 

शिक्षकों और विद्यार्थियों ने भी इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इन कक्षाओं से कठिन विषयों को समझना आसान हो रहा है और सीखने में उनकी रुचि लगातार बढ़ रही है। कार्यक्रम के तहत नियमित STEM कक्षाएं आगे भी जारी रहेंगी, ताकि विद्यार्थियों को लंबे समय तक गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सहयोग मिल सके।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top