बीसीसीएल के पीबी क्षेत्र में पौधारोपण अभियान का शुभारंभ, खनन एवं अनुपयोगी भूमि पर पौधे लगाने का लक्ष्य
डीजे न्यूज, धनबाद: झरिया मास्टर प्लान के अंतर्गत बीसीसीएल एवं फॉरेस्ट्स बाय हार्टफुलनेस फाउंडेशन (Forests by Heartfulness Foundation) के संयुक्त तत्वावधान में पीबी क्षेत्र के गोपालीचक हिंदी भवन परिसर में शनिवार को पौधारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक मनोज कुमार अग्रवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में सहभागिता की तथा पौधारोपण कर अभियान का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर निदेशक (वित्त एवं मानव संसाधन) राजेश कुमार, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) आनंद मोहन, महाप्रबंधक (जेएमपी) अरविंद कुमार सिन्हा, महाप्रबंधक (पीबी क्षेत्र) दीपक कुमार सिंह सहित बीसीसीएल के वरिष्ठ अधिकारी, फॉरेस्ट्स बाय हार्टफुलनेस फाउंडेशन के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं हरित आवरण बढ़ाने का संदेश दिया।
अभियान के प्रथम चरण में पीबी एवं बस्ताकोला क्षेत्र की 10 एकड़ से अधिक खनन एवं अनुपयोगी भूमि पर 12,000 से अधिक छायादार, फलदार एवं औषधीय पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
यह पहल खनन क्षेत्रों में भूमि पुनरुद्धार, पारिस्थितिकीय संतुलन की बहाली तथा हरित आवरण के विस्तार की दिशा में बीसीसीएल के प्रयासों को आगे बढ़ाती है।