बैडमिंटन प्रतियोगिता के जरिए दिया नशा मुक्त जीवन का संदेश

बैडमिंटन प्रतियोगिता के जरिए दिया नशा मुक्त जीवन का संदेश

डीजे न्यूज, धनबाद: नशा मुक्त भारत अभियान (एनएमबीए) के तहत आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के स्टूडेंट एक्टिविटी सेंटर (बैडमिंटन कोर्ट) में “रैकेट घुमाओ, नशा भगाओ” थीम पर ओपन बैडमिंटन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ाने के साथ-साथ स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त जीवनशैली को बढ़ावा देना था। प्रतियोगिता में छात्रों ने पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ भाग लिया।

जूनियर गर्ल्स डबल्स वर्ग में अनिर्वेदा और नव्या की जोड़ी विजेता रही, जबकि दिव्यानी और सुभिक्षा उपविजेता बने। जूनियर बॉयज डबल्स में ईऑन और अरुण ने पहला स्थान हासिल किया, जबकि श्लोक और अनीश उपविजेता रहे। विमेंस डबल्स में स्वास्ति और सोनाली ने खिताब अपने नाम किया, जबकि पलक और अलीशा दूसरे स्थान पर रहीं। वहीं, मेंस डबल्स में चेतन और विजय विजेता बने तथा चंदन और अनीकेत की जोड़ी उपविजेता रही।

प्रतियोगिता के समापन पर विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि खेल न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाते हैं, बल्कि युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

कार्यक्रम का आयोजन प्रो. संजय मंडल, एसोसिएट डीन, स्टूडेंट एक्टिविटीज (स्टूडेंट्स वेलफेयर) के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजन के समन्वय में डॉ. अनीता कुमारी, फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्ट्स ऑफिसर तथा अनूप कश्यप की महत्वपूर्ण भूमिका रही। प्रतियोगिता के माध्यम से प्रतिभागियों ने “खेल-कूद को जीवन बनाओ, नशे की आदत दूर भगाओ” का संदेश जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top