बाघमारा कॉलेज में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन’ विषय पर संगोष्ठी
सेवा, नवाचार और सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए किया प्रेरित
डीजे न्यूज, कतरास(धनबाद): सेवा संकल्प अभियान के तहत बाघमारा कॉलेज बाघमारा में सोमवार को ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. रंजन कुमार ने की। मंच संचालन भौतिकी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजीव पाण्डेय ने किया।
संगोष्ठी में छात्र-छात्राओं को उनकी समस्याओं को समझने, पहचान करने तथा उनके समाधान की दिशा में आवश्यक कदम उठाने के संबंध में प्रशिक्षण दिया गया। साथ ही, विद्यार्थियों को सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने तथा इसके उद्देश्यों को सफल बनाने के लिए पंजीकरण कराने हेतु प्रेरित किया गया।
इस अवसर पर लगभग 50 से 55 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया, जबकि संगोष्ठी में कुल 350 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में समस्याओं के प्रति जागरुकता विकसित करना तथा नवाचार और सक्रिय सहभागिता के माध्यम से समाधान करने के लिए प्रोत्साहित करना था।
इस संगोष्ठी को सफल बनाने में डॉ. रामसुचित प्रसाद सिंह, डॉ. प्रताप नारायण पाण्डेय, पो. ब्रहमानंद पाण्डेय, पो. के. पी. राय तथा प्रधान लिपिक दीपेन्द्र सिंह ने महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को सेवा, नवाचार और समस्या समाधान की भावना के साथ सामाजिक कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए प्रेरित किया गया।