अवैध माइका खदान बनी काल, चाल धंसने से महिला मजदूर की मौत

अवैध माइका खदान बनी काल, चाल धंसने से महिला मजदूर की मौत

कोडरमा के खड़कथंभी जंगल में हुआ हादसा, बिना पुलिस को सूचना दिए शव गांव भेजने का आरोप; मुआवजे की मांग पर ग्रामीणों ने रोका अंतिम संस्कार

डीजे न्यूज, तिसरी (गिरिडीह) : कोडरमा जिला के खड़कथंभी जंगल में संचालित अवैध माइका खदान में बुधवार शाम चाल धंसने से तिसरी प्रखंड के कानीचिहार गांव निवासी 50 वर्षीय तालो मुर्मू की दर्दनाक मौत हो गई। वह बड़कू मरांडी की पत्नी थी। गुरुवार को उसका शव गांव पहुंचा, जहां घटना को लेकर परिजनों और ग्रामीणों में मातम छा गया।

बताया जाता है कि दुर्गापूजा के बाद तालो मुर्मू गांव के ही भोला राय के साथ माइका चुनने के लिए कोडरमा जिला के खड़कथंभी जंगल गई थी। पिछले कई दिनों से वह अन्य मजदूरों के साथ जंगल में झोपड़ी बनाकर रह रही थी और कथित तौर पर माइका माफियाओं द्वारा संचालित अवैध खदान में काम कर रही थी।

बुधवार को भी तालो अन्य मजदूरों के साथ खदान से माइका निकालने का काम कर रही थी। इसी दौरान अचानक खदान की चाल धंस गई और वह मिट्टी के नीचे दब गई। घटना के बाद वहां काम कर रहे अन्य मजदूरों ने मिट्टी हटाकर उसे बाहर निकाला। इसके बाद उसे इलाज के लिए कोडरमा ले जाने का प्रयास किया गया, लेकिन काफी देर तक मिट्टी में दबे रहने के कारण अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई।

घटना के बाद अवैध खदान संचालकों और माइका कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया। आरोप है कि मामले को दबाने और साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव को किनारे कर दिया गया। साथ ही पुलिस को सूचना दिए बिना ही गुरुवार को एक वाहन से शव को कानीचिहार गांव भेजवा दिया गया।

इधर, तालो मुर्मू का शव गांव पहुंचते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर काफी देर तक शव का अंतिम संस्कार नहीं होने दिया। बाद में गांव में बैठक हुई, जिसके बाद परिजनों और ग्रामीणों ने आदिवासी रीति-रिवाज के अनुसार तालो मुर्मू का अंतिम संस्कार किया।

इस घटना ने एक बार फिर अवैध माइका खनन में मजदूरों की सुरक्षा और खदान संचालकों की मनमानी पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गरीब मजदूरों की जान जोखिम में डालकर चल रहे इस अवैध कारोबार पर प्रशासनिक कार्रवाई की जरूरत महसूस की जा रही है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top