अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के स्थापना दिवस पर विधिक सेवा शिविर का आयोजन
विधिक एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए दिया मार्गदर्शन
डीजे न्यूज, धनबाद: अखिल भारतीय अधिवक्ता परिषद के स्थापना दिवस (सेवा दिवस) के उपलक्ष्य में धैया स्थित कोरंगा बस्ती में शनिवार को “विधिक सेवा शिविर” का आयोजन किया गया।
अधिवक्ता परिषद, धनबाद इकाई के तत्वावधान में आयोजित शिविर का शुभारंभ माँ भारती एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं श्रद्धापूर्वक नमन के साथ किया गया। शिविर का उद्देश्य बस्ती के लोगों को उनकी विधिक एवं सामाजिक समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहयोग उपलब्ध कराना था।
इस अवसर पर बस्तीवासियों ने अपनी विभिन्न समस्याओं से उपस्थित अधिवक्ताओं को अवगत कराया। इनमें मुख्य रूप से जन्म प्रमाण-पत्र, जाति प्रमाण-पत्र, शुद्ध पेयजल, शिक्षा तथा अन्य मूलभूत समस्याएँ शामिल है। अधिवक्ताओं ने सभी समस्याओं को गंभीरता से सुनकर समाधान के लिए यथासंभव विधिक मार्गदर्शन एवं आवश्यक सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया।
शिविर में बच्चों के बीच बिस्कुट एवं चॉकलेट का वितरण भी किया गया। साथ ही, बस्ती के बच्चों की शिक्षा में सुधार एवं उन्हें बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए अपना योगदान देने का संकल्प अधिवक्ता परिषद, धनबाद इकाई द्वारा व्यक्त किया गया।
कार्यक्रम में अधिवक्ता सुनील कुमार, विजयनाथ कुँवर, अशोक मिश्रा, दीपक कुमार, मनोज कुमार राकेश, प्रेम प्रकाश उपाध्याय, पंचानन सिंह, जय सिंह, राजू कुमार, गजेंद्र सिंह, अशोक सिंह, संदीप प्रसाद, रामकृष्ण पांडेय, हीरालाल चौहान, राजेन डॉन एवं सुब्रतो मुखोपाध्याय सहित अन्य अधिवक्तागण उपस्थित रहे।
अधिवक्ता परिषद ने कहा कि “विधि का ज्ञान और न्याय तक पहुँच समाज के प्रत्येक व्यक्ति का अधिकार है” और परिषद भविष्य में भी समाज के वंचित एवं जरूरतमंद वर्गों के बीच विधिक जागरूकता एवं सेवा कार्य निरंतर जारी रखेगी।