विश्व मितव्ययिता दिवस पर लघु नाटिका का मंचन, बचत और मितव्ययिता के महत्व से कराया अवगत

विश्व मितव्ययिता दिवस पर लघु नाटिका का मंचन, बचत और मितव्ययिता के महत्व से कराया अवगत

डीजे न्यूज, झरिया(धनबाद):  ‘विश्व मितव्ययिता दिवस (विश्व बचत दिवस) के अवसर पर डीएवी बनियाहीर में शुक्रवार को एक अत्यंत प्रेरणादायक लघु नाटिका का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को जीवन में बचत और मितव्ययिता के महत्व से अवगत कराना था।
शिक्षक पंकज दुबे एवं अतशी चक्रवर्ती के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने बचत की थीम पर आधारित एक अत्यंत सारगर्भित प्रस्तुति तैयार की, जिसका उपस्थित बच्चों ने पूरे मनोयोग से आनंद उठाया और तालियों की गड़गड़ाहट से कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
इस लघु नाटिका में नौवीं कक्षा की अर्चना कुमारी  क्रिस्टी राज, छठी कक्षा के शांतनु कुमार व सातवीं कक्षा की अंशिका श्रीवास्तव आदि विद्यार्थियों ने मुख्य भूमिका निभाई। नन्हे कलाकारों ने अपने उत्कृष्ट अभिनय कौशल और जीवंत प्रस्तुति से वहां उपस्थित सभी दर्शकों व शिक्षक-शिक्षिकाओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। नाटक के माध्यम से बच्चों ने संदेश दिया कि छोटी-छोटी बचत ही भविष्य में बड़े संकटों से उबारती है और फिजूलखर्ची से बचना हर नागरिक का कर्तव्य है।
प्राचार्या डॉ. अभिलाषा कुमारी ने बच्चों को अपना विशेष संदेश दिया। उन्होंने कहा, “मितव्ययिता केवल धन बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह हमारे जीवन जीने का एक अनुशासित तरीका है। हमें बिजली, पानी और भोजन जैसे बहुमूल्य संसाधनों की बर्बादी रोककर भी मितव्ययिता का परिचय देना चाहिए। आज के बच्चे ही कल के जागरूक नागरिक हैं, इसलिए बचत की आदत बचपन से ही डालनी जरूरी है।” उन्होंने सफल और संदेशपरक प्रस्तुति के लिए सभी प्रतिभागी बच्चों और शिक्षकों की भूरि-भूरि प्रशंसा की।
इस अवसर पर विद्यालय के सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top