अब स्टील की बोतल के साथ होगी शिखरजी की यात्रा, प्लास्टिक मुक्त अभियान की शुरुआत

अब स्टील की बोतल के साथ होगी शिखरजी की यात्रा, प्लास्टिक मुक्त अभियान की शुरुआत

डीजे न्यूज, पीरटांड़ (गिरिडीह) : श्री शिखरजी स्वच्छता समिति, मधुबन की बैठक रविवार को मधुबन गेस्ट हाउस में समिति के अध्यक्ष तेजनारायण मेहता की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में पारसनाथ पहाड़ की स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और शिखरजी को प्लास्टिक मुक्त बनाने की दिशा में ठोस रणनीति तैयार की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि प्रथम चरण में पारसनाथ पहाड़ की वंदना के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को प्लास्टिक की पानी की बोतलों के स्थान पर डिपॉजिट राशि लेकर स्टील की पानी की बोतल उपलब्ध कराई जाएगी। यात्रा समाप्त होने के बाद बोतल वापस करने पर डिपॉजिट राशि लौटा दी जाएगी। समिति का मानना है कि इस पहल से प्लास्टिक कचरे में कमी आएगी और शिखरजी की प्राकृतिक सुंदरता सुरक्षित रहेगी।

इसके अलावा स्थानीय दुकानदारों से अपील की जाएगी कि वे प्लास्टिक की बोतल खोलकर पानी समिति द्वारा उपलब्ध कराई गई स्टील की बोतलों में भरें तथा खाली प्लास्टिक की बोतल निर्धारित कूड़ेदान में डालें। समिति इन बोतलों को दुकानदारों से खरीदकर उनके उचित निस्तारण की व्यवस्था करेगी।

बैठक में मौजूद विभिन्न धार्मिक एवं सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग का भरोसा जताया। सभी ने कार्ययोजना लिखित रूप में उपलब्ध कराने का भी आग्रह किया। बैठक में समिति के अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर सुमन सिन्हा, कपिल चौगुले, तेरापंथी कोठी, तमिलनाडु भवन एवं तलेटी तीर्थ के प्रतिनिधि, सुरेंद्र महतो, समिति के सचिव भरत शाह, उपाध्यक्ष विद्याभूषण मिश्रा, अभिषेक कुमार, कैलाश अग्रवाल, दिलीप तूरी, रंजीत सिंह, संतोष जैन, नागेंद्र सिंह, झरी महतो, शैलेश जैन, संजय जैन, संतोष ठाकुर सहित कई सदस्य उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top