मासस के भाकपा माले में विलय से बेहतर दिशा और दशा का माहौल बना : अरूप चटर्जी 

मासस के भाकपा माले में विलय से बेहतर दिशा और दशा का माहौल बना : अरूप चटर्जी

माले को आगे बढ़ाने के लिए मजदूर-किसान-छात्र-नौजवान को एकताबद्ध होकर तेज करनी होगी लड़ाई : चंद्रदेव महतो

भाकपा माले का गिरिडीह जिला सम्मेलन मधुबन में रैली के साथ शुरू, आरा के सांसद भी हुए शामिल

डीजे न्यूज, पीरटांड़(गिरिडीह) : भाकपा माले का दो दिवसीय गिरिडीह जिला सम्मेलन रविवार को मधुबन में शुरू हुआ। मधुबन फुटबॉल मैदान में लगभग चार हजार की संख्या में पार्टी के कैडर, समर्थक व शुभचिंतक मौजूद थे। वहां से रैली के रूप में गाजे बाजे और नारों के साथ मधुबन बाजार होते हुए मध्यलोक भवन पहुंचे। जहां शहीद बेदी पर मालार्पण कर सभी शहीदों को याद किया गया। रैली की अगुवाई सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो, राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव, पूर्व विधायक विनोद सिंह, पोलित ब्यूरो सदस्य जनार्दन प्रसाद के अलावे राज्य कमिटी के सदस्य और जिला कमिटी के सदस्य कर रहे थे। उसके बाद मध्यलोक में सम्मेलन को संबोधित करते हुए आरा के सांसद सुदामा प्रसाद ने कहा कि गिरिडीह क्षेत्र लाल झंडा का गढ़ रहा है। यहां और तेजी से आवाज बुलंद की जाए। भाजपा की गलत नीतियों के विरोध में लगभग बीस मिनट अपने विचार दिए। उन्होंने कहा कि केंंद्र में भाजपा के नेतृत्व में पूंजीपतियों की सरकार है जबकि भाजपा वोट गरीबों का लेती है। इस सरकार के खिलाफ दबे कुचले लोगों, दलित आदिवासियोंके साथ-साथ अल्पसंख्यक को एक जुट होना होगा। वहीं निरसा के विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि लाल झंडा को दबाने का प्रयास लगातार किया जाता रहा है। हम और तेजी से बढ़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मासस का भाकपा माले में विलय से बेहतर दिशा और दशा का माहौल बन रहा है। गिरिडीह क्षेत्र में असंगठित मजदूर मोर्चा और माले लगातार बेहतर कार्य कर रही है। जिले भर में लाल झंडा तेजी से बढ़ रहा है। वहीं सिंदरी विधायक चंद्रदेव महतो ने कहा कि माले को आगे बढ़ाने के लिए मजदूर, किसान, छात्र नौजवान को एकताबद्ध होकर अपनी-अपनी लड़ाई को तेज करनी होगी। महिला नेत्री जयंती चौधरी ने महिलाओं पर फोकस कर एपवा को पूरे झारखंड में बेहतर तरीके से स्थापित करने की बात कही। सम्मेलन में मुख्य रूप से राज्य सचिव मनोज भक्त, इंकलाबी नौजवान सभा के महासचिव नीरज सिंह सहित सभी राज्य कमिटी सदस्य और सभी जिला कमिटी के सदस्य के साथ सभी प्रखंड के नेतृत्वकारी,कार्यकर्ता उपस्थित थे। बैठक की अध्यक्षता अजीत राय ने की जबकि मंच संचालन अशोक पासवान ने किया। सम्मेलन में पोलित ब्यूरो के सदस्य हलधर महतो ने कहा कि किसानों, मजदूरों और दबे कुचले लोगों को एक होकर अपनी लड़ाई तेज करनी होगी। राजधनवार के पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा गिरिडीह जिले में व्यापक भ्रष्टाचार है। इसके खिलाफ सिर्फ भाकपा माले ही लगातार आवाज उठाती है। जबकि सभी राजनीतिक दल जो जनता को बरगला के वोट लेते हैं,वह बाकी दिनों में जनता से दूर भागते हैं। वहीं बगोदर के पूर्व विधायक विनोद सिंह ने कहा कि गिरिडीह जिले में सिर्फ और सिर्फ भाकपा माले ही जनता की लड़ाई लड़ती है। यहां भाजपा से सीधे टकराने के लिए सिर्फ भाकपा माले का ही नाम आता है। मजदूर किसान, छात्र, नौजवानों, महिलाओं पर लगातार भाजपा हमला कर रही है। इसको पीछे धकेलने के लिए सभी विधानसभा क्षेत्रों में आंदोलन तेज करना होगा। सम्मेलन में मुख्य रूप से राज्य परमेश्वर महतो, सीताराम सिंह, पूनम महतो, शेखर सुमन, उस्मान अंसारी, कन्हाई पांडेय, रामू बैठा, राजेश सिन्हा, मुन्ना राणा, सोनू पांडेय, रामलाल मुर्मू, पूरन महतो, पवन महतो, कौशल्या दास, मीना दास, भोला मंडल, नागेश्वर महतो, मुस्तकीम अंसारी, लालमणि यादव, रामेश्वर चौधरी, धानेश्वर पासवान आदि उपस्थित थे।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top