आजसू छात्र संघ ने मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री का फूंका पुतला
डीजे न्यूज, धनबाद: झारखंड सरकार और उच्च शिक्षा विभाग द्वारा राज्य के विश्वविद्यालयों में जबरन थोपे जा रहे ‘क्लस्टर सिस्टम’ (Cluster System) के विरोध में बुधवार को आजसू छात्र संघ ने रणधीर वर्मा चौक पर मुख्यमंत्री और उच्च शिक्षा मंत्री का पुतला दहन किया।
नेतृत्व संघ के प्रदेश महासचिव विशाल महतो कर रहे थे। इस दौरान बिनोद बिहारी महतो कोयलांचल विश्वविद्यालय (BBMKU) सहित जिले के विभिन्न कॉलेजों के दर्जनों छात्र-छात्राओं ने सड़क पर उतरकर सरकार की इस अव्यावहारिक नीति के खिलाफ जमकर आक्रोश जताया।
प्रदेश महासचिव विशाल महतो ने राज्य सरकार की इस नीति की कमियों को उजागर किया और इससे होने वाली दिक्कतों पर प्रकाश डाला। उन्होने कहा कि शिक्षकों की कमी छिपाने की यह साजिश है। सरकार अपनी नाकामी छुपाने के लिए यह तुगलकी फरमान लाई है। आज कॉलेजों में प्रोफेसरों के हजारों पद खाली पड़े हैं। स्थायी बहाली करने के बजाय सरकार एक कॉलेज के शिक्षक को दूसरे कॉलेज भेजकर सिर्फ खानापूर्ति कर रही है। नतीजा यह विभिन्न प्रमुख महाविद्यालयों से कई महत्वपूर्ण विषयों की पढ़ाई बंद की जा रही है।
छात्रों पर आर्थिक और मानसिक अत्याचार
इस व्यवस्था के तहत छात्रों को एक विषय के लिए अपने कॉलेज और दूसरे विषय की क्लास के लिए मीलों दूर किसी दूसरे कॉलेज की दौड़ लगानी पड़ेगी। ग्रामीण और सुदूर इलाकों से आने वाले गरीब व मध्यमवर्गीय छात्रों के लिए हर दिन अलग-अलग कॉलेजों के चक्कर काटना आर्थिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने जैसा है।
बिना इंफ्रास्ट्रक्चर के कागजी योजना
जब सरकारी कॉलेजों में क्लासरूम, बेंच, डेस्क और पर्याप्त संसाधनों का घोर अभाव है, तो सरकार बिना बुनियादी ढांचा सुधारे विभिन्न कॉलेजों के छात्रों को एक जगह इकट्ठा करने का हवाई दावा कैसे कर सकती है?
विश्वविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र पहले से ही पटरी से उतरे हुए हैं। इस अव्यावहारिक क्लस्टर सिस्टम के लागू होने से कॉलेजों के बीच आपसी तालमेल पूरी तरह बिगड़ जाएगा, जिससे परीक्षाओं और रिजल्ट में और ज्यादा देरी होगी।
यदि राज्य सरकार और उच्च शिक्षा विभाग ने इस छात्र-विरोधी ‘क्लस्टर सिस्टम’ को तुरंत वापस नहीं लिया और कॉलेजों में स्थायी प्रोफेसरों की नियुक्ति नहीं की, तो आजसू छात्र संघ इस आंदोलन को और उग्र रूप देगा।
मौके पर रौनक राज, राजवर्धन सिंह, विनेश वर्मा,विवेक कुमार, भोला पासवान, मलय रवानी, कृति गोप, राकेश महतो,समीर दास, हर्ष सिंह, सताक्षी कुमार, प्रिया कुमारी, हर्ष सिंह, पीयूष चौधरी, सताक्षी, सोनाली सिंह, सम्पूर्ण, मानवी द्विवेदी, आयशा, खुशी सिंह, समृद्धि, स्वीटी, श्रेया, रितु, पार्थ, अभिषेक, विकास, हीना, सबा, सचिन, शुभोदीप, शुधांशु, सक्षम आदि मौजूद थे।