आईआईटी (आईएसएम) में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन, युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर

आईआईटी (आईएसएम) में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज’ का आयोजन, युवाओं को रोजगार से जोड़ने पर विशेष जोर

डीजे न्यूज, धनबाद: एसीआईसी, आईआईटी (आईएसएम) फाउंडेशन द्वारा मैनेजमेंट हॉल में ‘सेवा फर्स्ट इनोवेशन चैलेंज – ईस्टर्न जोन’ के उद्घाटन समारोह का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में धनबाद के सांसद ढुलू महतो बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए।
कार्यक्रम संपन्न होने के उपरांत मीडिया से बातचीत करते हुए सांसद ढुलू महतो ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप हम लोग जमीनी स्तर पर कार्य करने का प्रयास कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में शुरू किया गया हर मिशन शत-प्रतिशत सफल रहा है। वर्तमान में ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत भारतीय जनता पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता पूरे देश में पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, ताकि इसके माध्यम से अधिक से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा जा सके।
इसी कड़ी में आईआईटी (ISM) धनबाद में इस सेमिनार का आयोजन किया गया, जिसके जरिए विभिन्न अभ्यर्थियों से जुड़कर उन्हें आगे बढ़ने और अपने काम के माध्यम से स्थानीय लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया। देश के हर क्षेत्र में हमारे लोग और युवा लगे हुए हैं। हमारे देश के युवाओं में अपार शक्ति और क्षमता है कि वे नए स्टार्टअप और नवाचारों के जरिए लोगों को रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं।
स्किल डेवलपमेंट के क्षेत्र में जिक्र करते हुए सांसद ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस बात पर विशेष फोकस है कि बड़ी और छोटी कंपनियों के साथ समन्वय स्थापित कर देश के भीतर ही रोजगार के नए सृजन किए जाएं। आज स्थिति यह है कि जो युवा पहले नौकरी की तलाश में दूसरे देशों में जाते थे, वे अब खुद सक्षम बनकर यहीं पर लोगों को रोजगार दे रहे हैं। हमारे युवाओं में इतनी क्षमता और प्रतिभा है कि यदि उन्हें सही सहयोग और मार्गदर्शन मिले, तो वे देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाते हुए भारत को सशक्त और आत्मनिर्भर बना सकते हैं। सरकार ऐसे युवाओं की मदद के लिए पूरी तरह तैयार है। जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक ऐसे कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि जो युवा इस क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहते हैं, उन्हें उचित मंच और सहायता मिल सके। हमारा मुख्य उद्देश्य युवाओं को आपस में जोड़कर और सहभागिता बढ़ाकर देश को प्रगति के पथ पर आगे ले जाना है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top