परिसीमन बिल जनता पर बोझ, इससे आम लोगों को कोई फायदा नहीं : धनंजय सिंह
डीजे न्यूज, देवरी, गिरिडीह : कांग्रेस के प्रदेश सचिव सह पूर्व जिला अध्यक्ष धनंजय कुमार सिंह ने रविवार को देवरी प्रखंड के विभिन्न गांवों का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने देवरी मुख्यालय परिसर में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि देश में जो परिसीमन बिल लागू हो रही है, यह आम जनता पर एक बहुत बड़ी बोझ है, इससे आम जनता को कोई फायदा होने वाला नहीं है। इन्होंने जो जनता से वादे किए थे, पिछले 12 सालों में वो एक भी पूरा नहीं किए हैं, ना ही उसकी बात करते हैं, मसलन रोजगार, बेरोजगारी, महंगाई, किसान की दोगुनी आमदनी।
इन्होंने कहा कि भाजपा यह जानती है कि दक्षिण भारत से हमें वोट नहीं मिलती है, तो वह हिंदी प्रदेश इलाके में उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, उत्तराखंड, बिहार जैसे बड़े राज्यों में अपनी संख्या बढ़ा ले, तो फिर हमें कोई हरा नहीं सकता है। पहले बीजेपी वाले हिंदू-मुस्लिम करके वोट चोरी करके सत्ता पर काबिज हुए, अब देखा कि जनता अब सब समझ चुकी है, तब यह परिसीमन बिल लाकर सत्ता पर काबिज हमेशा के लिए होना चाहते हैं। पिछले दिनों इन्होंने असम और जम्मू-कश्मीर में विधानसभा का परिसीमन किया था, वह सभी को पता है। उन्होंने असम में जो बंगाली मुसलमान हैं, जो हिंदी बोलते हैं, उन्हें एक क्षेत्र में रखा, बाकी हिंदू जो थे, उनको अलग क्षेत्र में रखा, ताकि हम प्रदेश में कायम रहें और हुआ भी।
उन्होंने कहा कि लोकसभा का जो सिद्धांत है, वह यह है कि परिसीमन मूल रूप से हर क्षेत्र में चाहे लोकसभा हो, विधानसभा हो, जनसंख्या के आधार पर लगभग बराबर होनी चाहिए। इस बिल में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति का ख्याल नहीं रखा गया है। इस बिल का कांग्रेस पार्टी पूर्ण रूप से विरोध करेगी।
दौरे के क्रम में ये देवरी के मनकडीहा गाँव में एक सामाजिक कार्यक्रम में भी शामिल हुए। मौके पर पुरुषोत्तम कुमार चौधरी, राकेश साव, दिवाकर कुमार सहित कई कांग्रेसी मौजूद थे।