बालू लदे 16 ट्रैक्टर पकड़ाने पर बवाल, विधायक अरुप के हस्तक्षेप पर छूटे वाहन

बालू लदे 16 ट्रैक्टर पकड़ाने पर बवाल, विधायक अरुप के हस्तक्षेप पर छूटे वाहन

डीजे न्यूज, पूर्वी टुंडी, धनबाद : बराकर नदी के पांड्रा-बेजड़ा, पोलकेरा व सिजुआ घाट से बालू उठाव और अवैध वसूली को लेकर पिछले कुछ दिनों से माहौल गरम है। शुक्रवार की सुबह पूर्वी टुंडी पुलिस ने विभिन्न स्थानों से बालू लदे 16 ट्रैक्टरों को पकड़ लिया, जिसके बाद बालू कारोबार से जुड़े ग्रामीण व वाहन मालिक आक्रोशित हो गए।

ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रैक्टरों में चालान रहने के बावजूद पुलिस ने उन्हें पकड़ा। लोगों ने इसकी सूचना निरसा विधायक अरुप चटर्जी को दी। सूचना मिलते ही विधायक पूर्वी टुंडी पहुंचे और उच्च अधिकारियों से फोन पर बात कर ट्रैक्टरों को छुड़वाया।

विधायक का कहना था कि बालू गाड़ियों को पकड़ने का अधिकार पुलिस को नहीं है। खनन मामले में भी पुलिस को हस्तक्षेप करने का अधिकार नहीं है। चालान की जांच करना माइनिंग विभाग का काम है, न कि पुलिस का।

बाद में बड़बाद में लगभग दो सौ ग्रामीणों की भीड़ लग गई, जहां लोगों ने विधायक अरुप चटर्जी को बालू के कारोबार से जुड़ी समस्याओं के बारे में बताया। विदित हो कि निरसा विधायक अरुप चटर्जी के हस्तक्षेप के बाद बालू के कारोबार में संलिप्त माफियाओं व दलालों के खिलाफ पांड्रा-बेजड़ा के ग्रामीणों व वाहन मालिकों ने मोर्चा खोल दिया है।

विदित हो कि पिछले 22 नवंबर को पूर्वी टुंडी थाना परिसर में निरसा विधायक अरुप चटर्जी के नेतृत्व में थाना घेराव का कार्यक्रम किया गया था।

इस मामले पर पूर्वी टुंडी थाना प्रभारी नीतीश कुमार ने बताया कि सभी ट्रैक्टर फर्जी चालान लेकर जा रहे थे, इसलिए पकड़ा गया था। वरीय अधिकारी के आदेश के बाद ट्रैक्टरों को छोड़ दिया गया।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top