मुंह से पेन पकड़कर लिखी परीक्षा, हासिल किए 93.8% अंक 

मुंह से पेन पकड़कर लिखी परीक्षा, हासिल किए 93.8% अंक 

गोड्डा के दिव्यांग छात्र फैजानुल्लाह की कहानी बनी मिसाल, CM हेमंत सोरेन ने बढ़ाया हौसला

डीजे न्यूज, रांची : 

गोड्डा के दिव्यांग छात्र मो० फैजानुल्लाह ने साबित कर दिया कि हौसला हो तो कोई भी बाधा बड़ी नहीं होती। सेरेब्रल पाल्सी से प्रभावित फैजानुल्लाह दांतों से पेन पकड़कर यानी मुंह से लिखकर पढ़ाई और परीक्षा देते हैं। इसी जज्बे के दम पर उन्होंने झारखंड अधिविद्य परिषद (JAC) की मैट्रिक परीक्षा-2026 में 93.8 प्रतिशत अंक प्राप्त कर शानदार सफलता हासिल की है।

गुरुवार को झारखंड विधानसभा में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से फैजानुल्लाह ने मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री को अपनी पढ़ाई, संघर्ष और सफलता की कहानी सुनाई। फैजानुल्लाह का नामांकन यूएचएस शिवाजीनगर, गोड्डा में रहा है।

मुख्यमंत्री ने फैजानुल्लाह के शिक्षा के प्रति जज्बे और दृढ़ इच्छाशक्ति की सराहना की। उन्होंने उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए उनका हौसला बढ़ाया और राज्य सरकार की ओर से हरसंभव मदद का भरोसा दिया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि फैजानुल्लाह की यह उपलब्धि न केवल झारखंड, बल्कि पूरे देश में समावेशी शिक्षा, दृढ़ इच्छाशक्ति और दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा का प्रेरणादायक उदाहरण है। इस अवसर पर राज्य सरकार के कई मंत्री और विधायक भी उपस्थित थे।

उल्लेखनीय है कि फैजानुल्लाह की शिक्षा झारखंड सरकार की समावेशी शिक्षा व्यवस्था के अंतर्गत Home-Based Education (HBE) के माध्यम से संचालित हुई। दिव्यांग होने के बावजूद अपने दृढ़ संकल्प, मेहनत और समावेशी शिक्षा के सहयोग से उन्होंने मैट्रिक परीक्षा में असाधारण उपलब्धि हासिल की है।

Social media & sharing icons powered by UltimatelySocial
Scroll to Top